
इंदौर। शहर ठंड के मारे कश्मीर बनता जा रहा है। कल रात पहली बार न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री पर पहुंच गया। यह पिछले 10 सालों में नवंबर का सबसे कम तापमान होने के साथ ही पिछले 3 सालों के दिसंबर की अपेक्षा भी सबसे कम तापमान है। इंदौर के तापमान में आ रही इस कमी से वैज्ञानिक भी हैरान हैं। पिछले 5 दिनों में रात के तापमान में 15 डिग्री की कमी आ चुकी है। वहीं दिन से तुलना करें तो रात को तापमान में चार गुना की कमी आ रही है। इसके कारण शाम से सुबह तक शहर में शीतलहर की स्थिति बन रही है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.2 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 2.7 डिग्री कम था। वहीं यह पिछले 10 सालों में नवंबर के तीन सालों के दिसंबर में दर्ज हुए सबसे कम तापमान से भी कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पूर्वी रही। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 11 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में कमी बनी रहने की संभावना है।
कश्मीरी हवाओं से ठिठुर रहा इंदौर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और उस ओर से आने वाली हवाओं के कारण इंदौर सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में भारी कमी आई है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहने और तेज धूप के कारण ठंड कमजोर महसूस हो रही है, लेकिन सूरज ढलते ही तापमान में भारी गिरावट ठंडी हवाओं के कारण आ रही है, जो रात बढऩे के साथ ही बढ़ती जा रही है। ठंड का असर सुबह तक बरकरार है।
गंभीर शीतलहर में इंदौर
मौसम वैज्ञानिक विवेक छलोत्रे ने बताया कि किसी शहर का न्यूनतम तापमान अगर 10 डिग्री से कम हो और सामान्य से 4.5 डिग्री से 6.4 डिग्री के बीच कम हो तो इसे शीतलहर कहा जाता है। वहीं जब यह सामान्य से 6.5 डिग्री से भी कम हो तो इसे गंभीर शीतलहर कहा जाता है। इंदौर में कल रात न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा, जो पहले 10 डिग्री से कम के पैमाने को पूरा करता है, वहीं तापमान सामान्य से 8 डिग्री कम होने के कारण दूसरा पैमाना भी पूरा होता है। इस तरह कल रात से सुबह के बीच आई तापमान में गिरावट गंभीर शीतलहर की श्रेणी में आती है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved