img-fluid

गोलू-हार्डिया के क्षेत्र में मंच पर कम रही भीड़, मालिनी के क्षेत्र से भी लगी ताकत

November 27, 2025

 

 

इंदौर। लौह-पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जन्म जयंती पर पटेल प्रतिमा से लेकर छावनी तक निकली एकता यात्रा के स्वागत में भाजपा के विधायकों में शक्ति प्रदर्शन भी हो गया। विधायक गोलू शुक्ला और महेंद्र हार्डिया के क्षेत्र के मंचों पर भीड़ नहीं दिखी, जबकि विधायक मालिनी गौड़ के क्षेत्र से भी भीड़भरे मंच दिखे। विधायक रमेश मेंदोला के क्षेत्र में परंपरागत तौर पर सर्वाधिक मंच थे।

एकता यात्रा के आयोजन के लिए शासन-प्रशासन और पूरी बीजेपी ताकत के साथ लग गई थी। इस आयोजन में यात्रा के क्षेत्र में जितने स्थान पर मुख्यमंत्री मौजूद रहने वाले थे उतने क्षेत्र को हर विधानसभा क्षेत्र को स्वागत मंच लगाने और मंच पर अपने क्षेत्र के लोगों की भीड़ दिखाने के लिए दिया गया था। वैसे तो इस यात्रा में जोरदार भीड़ रही, लेकिन फिर भी कुछ विधानसभा क्षेत्रों द्वारा बेहतर प्रदर्शन नहीं किया गया। एकता यात्रा के मार्ग पर जहां विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 के मंच पर या तो लोग नहीं थे या फिर दो-चार लोग बैठकर रस्म अदायगी कर रहे थे। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 को जो क्षेत्र दिया गया था वहां तो बहुत से स्थान पर मंच ही नहीं लगे थे, जगह खाली पड़ी हुई थी। जो मंच लगे थे, वे भीड़ के हिसाब से कमजोर रहे। इस बार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 द्वारा भी भरपूर मंच बनाए गए थे और इन मंचों पर भीड़ भी अच्छी नजर आ रही थी। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 के मंच भी भीड़ से भरे हुए थे। वहीं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 तो हमेशा ही बड़े-बड़े मंच और जोरदार भीड़ के साथ मैदान में होता है।


पूरी यात्रा में साथ रहने वाले मंत्री विजयवर्गीय आधे रास्ते से लौटे
कल शहर में निकाली गई भारत एकता यात्रा में सरदार पटेल प्रतिमा स्थल पर आयोजित आयोजन में सबसे पहले पहुंचने वाले कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्यमंत्री के साथ पटेल प्रतिमा से रथ पर सवार तो हुए, मगर मधुमिलने चौराहा से वे लौट गए, जबकि शहर में अभी तक जितनी भी यात्राएं भाजपा द्वारा निकाली गईं वे अंतिम समय तक मुख्यमंत्री के साथ रहे हैं, जिसकी चर्चा होती रही। वहीं मुख्यमंत्री का रथ छावनी की ओर बढ़ा ही था कि पीछे से अपने नेताओं को मुंह दिखाने आए युवा भी बड़ी संख्या में मधुमिलन से रीगल की ओर मुड़ वापस चले गए।

मुख्यमंत्री ने किया पदयात्रियों का सम्मान
150 यूनिटी मार्च में शामिल तीन पदयात्री महाराष्ट्र के विवेकानंद, मध्यप्रदेश के जयंत राव, हरियाणा के कपिल परमार का मुख्यमंत्री ने पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया। साथ ही यात्रा प्रभारी जीतू जिराती, सुरेंद्र शर्मा और राजो मालवीय का भी स्वागत किया।

महापुरुषों की वेशभूषा में बालक-बालिकाएं
यात्रा में विविध संस्कृति, धर्म और समुदाय के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लिए नारे लगा रहे थे। बालक-बालिकाएं महापुरुषों की वेषभूषा में अश्वों पर बैठकर आगे चल रहे थे। व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

पानी के लिए तरस गर्इं स्कूली बच्चियां, एक बेहोश
इस यात्रा में भाग लेने के लिए लाई गई मालव कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं तेज गर्मी में पानी के लिए परेशान हो गईं। उनके लिए पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। जब यात्रा में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री पहुंच रहे थे उस समय गीत बामनिया नामक मूसाखेड़ी की बालिका बेहोश हो गई थी। नगर निगम के रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे ने कहीं से एक बोतल पानी की व्यवस्था की और फिर इस बालिका को होश में लाया गया। यह बालिका कक्षा नौवीं की छात्रा है।

निगम के ठेकेदार की गाड़ी की बैटरी चोरी
इस एकता यात्रा के लिए उमड़ी भीड़ के दौरान मधुमिलन चौराहे पर पार्किंग में खड़ी नगर निगम के ठेकेदार की पेवर फिनिशिंग गाड़ी की बैटरी कोई चुरा ले गया। इस घटना की शिकायत नगर निगम के अधिकारियों को की गई।

यात्रा की झलकियां
1. भारत एकता यात्रा में कल मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे आदिवासी कलाकारों के नृत्य, जो सभी का ध्यान अपनी ओर खींच रहे थे।

2. बड़वाह की नृत्य टोली भी पारंपरिक और आस्था का त्योहार गणगौर माता की प्रतिमाओं की प्रतिकृति लेकर यात्रा में अद्भुत नृत्य करते हुए चल रही थी।

3. यात्रा में शामिल हुए सिख समाज के गतका दल ने कई हैरतभरी प्रस्तुतियां दीं, जिसमें उन्होंने तलवारबाजी सहित अखाड़े के कई करतब दिखाए।

4. बलाई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शामिल हुए युवा जय भीम के नारे लगाते हुए यात्रा में आगे-आगे चल रहे थे।

5. मुख्यमंत्री ने मंच से भारत एकता यात्रा की तैयारियों को देख अध्यक्ष सुमित मिश्रा की तारीफ करते हुए कहा कि मिश्रा जैसा कर्मठ कार्यकर्ता मैंने अभी तक नहीं देखा, जिसे कोई भी कार्य सौंप दो वह इतिहास रच देता है।

6. यात्रा में पुलिसकर्मियों को रथ से ही मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि रस्सी को रथ से ज्यादा दूर लेकर न चलें, कार्यकर्ताओं को रथ के पास आने दें।

7. कल यात्रा मेें सैकड़ों की संख्या में शामिल हुए बीएसएफ के ट्रेनी जवानों ने भारत एकता यात्रा की शोभा बढ़ाते हुए भारत माता के नारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान कर दिया।

Share:

  • फ्रांस और भारत की वायुसेनाओं ने किया साझा सैन्य अभ्यास, दुनिया को दिखाई अपनी ताकत

    Thu Nov 27 , 2025
    मोंट-डी-मार्सन. भारत (India) और फ्रांस (French) की वायु सेनाएं (air forces) इन दिनों फ्रांस में चल रहे द्विपक्षीय वायु सैन्य अभ्यास ‘गरुड़ 2025’ (‘Garuda 2025’) में एक साथ कई तरह के ऑपरेशन कर रही हैं। इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच तालमेल और युद्धक क्षमता को और मजबूत बनाना है। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved