
मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) की 23 नगर परिषद, नगर पंचायतों के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए आज वोटिंग (Voting) हो रही है। नगर परिषद और नगर पंचायतों में कुल 143 सदस्य पदों के लिए भी आज वोटिंग हो रही है। इस बीच, महाराष्ट्र के अंबरनाथ के कोहजगांव इलाके (Kohajgaon Area) में बोगस वोटिंग के आरोप लगाए गए हैं।
शनिवार तड़के एक सभागृह में बड़ी संख्या में महिलाएं और कुछ पुरुष जमा पाए गए। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि इन सभी लोगों को बोगस मतदान कराने के उद्देश्य से यहां लाया गया था।
जानकारी मिलते ही कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार ने इन महिलाओं को फर्जी मतदान के लिए एकत्र किया था।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभागृह में मौजूद महिलाओं को बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि ये महिलाएं कहां से आई थीं और क्या वास्तव में इन्हें बोगस मतदान के लिए लाया गया था? इस पूरी घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved