
इंदौर। वन मण्डल इंदौर के अधीन महू, चोरल और मानपुर के जंगलों में तेंदुओं ने 100 से ज्यादा मवेशियों का शिकार कर जहां गांव के किसानों को हजारों रुपए की पशुधन की चपत लगाई है तो वहीं वन विभाग को भी 11 लाख से ज्यादा रुपए का फटका लगा है। इंदौर वन मण्डल के अनुसार महू, मानपुर, चोरल में पिछले 12 महीनों में उनके पास जंगलों में शिकार हुए मवेशियों के 108 प्रकरण मुआवजे के लिए आए हैं। यह मुआवजा वन्य जीवों द्वारा पशुधन की क्षति या जनहानि किए जाने पर वन विभाग द्वारा पीडि़तों अथवा उनके परिजनों को दिया जाता है। साल 2025 में इन तीनों फॉरेस्ट रेंज में तेंदुओं ने 108 मवेशियों का शिकार किया।
इसके बदले में इन सब मवेशियों के मालिकों को 11 लाख 24 हजार 800 रुपए का मुआवजा दिया गया। इनमें आखिरी माह दिसम्बर के कुछ प्रकरण लंबित हो सकते हैं, मगर इनकी भी मुआवजा राशि मंजूर की जा चुकी है। वन मण्डल के अधिकारियों से जब यह पूछा गया कि सारे मवेशियों का शिकार तेंदुओं ने किया है यह कैसे साबित किया जाता है तो उन्होंने कहा कि 99 प्रतिशत मामलों में मवेशी के पोस्टमार्टम, घटना स्थल, पंचनामा रिपोर्ट और पंजों के निशान, शिकार के तरीके से पता चल जाता है कि शिकार किसने किया।
महू के जंगलों में 50 मवेशियों का शिकार
महू फॉरेस्ट रेंज अधिकारी नयन पालवी के अनुसार 1 जनवरी 2025 से लेकर लेकर 31 दिसम्बर तक महू के जंगलों में तेंदुओं ने 50 मवेशियों का शिकार किया है, जिनमें 26 गाय, 9 बैल, 9 गाय के बच्चे, 3 बकरी और 1 भैंस का बच्चा शामिल हंै। शिकार हुए मवेशियों के मालिकों को इंदौर वन मण्डल को 7 लाख 24 हजार 500 रुपए का भुगतान करना पड़ा।
चोरल के जंगलों में 21 मवेशी हजम कर गए तेंदुए
चोरल फॉरेस्ट रेंज अधिकारी सचिन वर्मा के अनुसार पिछले 12 महीनों में जनवरी से दिसम्बर तक तेंदुओं ने 21 मवेशियों का शिकार किया, जिनमें 13 गाय, 3 भैंस और 5 बैल के अलावा गाय का बच्चा मतलब केड़ा या केड़ी शामिल हैं। इसके बदले में वन मण्डल इंदौर को 1 लाख 18 हजार 500 रुपए की मुआवजा राशि मवेशी मालिकों को देना पड़ी।
मानपुर के जंगलों में तेंदुओं ने 37 मवेशियों को मार डाला
मानपुर फॉरेस्ट रेंज के अधिकारी पप्पूसिंह चौहान के अनुसार मानपुर के जंगलों में तेंदुओं ने 37 मवेशियों को मार दिया। इनमें कई गाय, बैल, भैंस, बकरी के अलावा गाय और भैंस के बच्चे भी शामिल हैं। इन 37 मवेशियों के मालिकों को वन मण्डल इंदौर ने 2 लाख 81 हजार 800 रुपए का मुआवजा दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved