
नई दिल्ली । न्यूजीलैंड (New Zealand) के खिलाफ दूसरे वनडे में भारतीय विकेट कीपर केएल राहुल (KL Rahul) ने शानदार शतक (century) जड़ते हुए 112 रनों की नाबाद पारी खेली। हालांकि उनकी इस पारी पर डेरेल मिशेल (Darrell Mitchell) ने शतक जड़ पानी फेर दिया। न्यूजीलैंड ने यह मैच 7 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी की। केएल राहुल का वनडे करियर का यह 8वां शतक था, वहीं भारत की हार में तीसरा। जब वनडे क्रिकेट में भारत की हार में सबसे ज्यादा शतक जडऩे वाले खिलाड़ियों की लिस्ट टटोली गई तो केएल राहुल युवराज सिंह, एमएस धोनी और मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे दिग्गजों के साथ टॉप-5 में पाए गए। जी हां, इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और रोहित शर्मा के नाम भी शामिल है।
भारत की हार में सबसे ज्यादा शतक जड़ने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने वनडे में कुल 49 शतक जड़े, जिसमें से 14 शतक तब आए जब टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
वहीं विराट कोहली लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। कोहली के नाम वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा 53 शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इन 53 में से 8 शतक भारत की हार में आए।
कोहली के बाद लिस्ट में हिटमैन रोहित शर्मा हैं। रोहित शर्मा के 7 शतक भारत की हार में आए हैं। रोहित ने अपने करियर में कुल 33 सेंचुरी जड़ी है।
शिखर धवन, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ 4-4 शतकों के साथ लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। धवन ने अपने करियर में कुल 17, गांगुली ने 22 और द्रविड़ ने 12 सेंचुरी लगाई थी।
केएल राहुल की टॉप-5 में एंट्री
भारतीय विकेट कीपर बल्लेबाज केएल राहुल की अब टॉप-5 में एंट्री हो गई है। उन्होंने वनडे करियर में कुल 8 शतक लगाए हैं, जिसमें से 3 भारत की हार में आए। केएल राहुल के अलावा युवराज सिंह, एमएस धोनी, मोहम्मद अजहरुद्दीन और रवि शास्त्री ने अपने करियर में 3-3 शतक भारत की हार में लगाए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved