
नई दिल्ली। भारत (India) और श्रीलंका (Sri Lanka) में चल रहे आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Men’s T20 World Cup 2026) में लीग फेज का खेल 10 दिन बीत जाने के बाद दिलचस्प मोड़ पर पहुँच गया है। कुल 30 मैच खेले जा चुके हैं और लीग में कुल 40 मैच होने हैं। अब तक पॉइंट्स टेबल (Points Table) में केवल कुछ ग्रुप की स्थिति स्पष्ट हुई है। 20 टीमों में से 5 टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं और 5 टीमें सुपर 8 में जगह बनाने में सफल रही हैं। बाकी 10 टीमों के बीच तीन स्थानों के लिए कड़ी जंग जारी है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान जैसी टीमें शामिल हैं।
ग्रुप ए में भारतीय टीम ने सुपर 8 का टिकट पक्का कर लिया है, जबकि नामीबिया तीनों मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। दूसरे स्थान पर अमेरिका है, जिसने चार में से दो मैच जीतें। पाकिस्तान ने तीन में से दो जीत हासिल कर तीसरा स्थान बनाया, वहीं नीदरलैंड ने एक मैच जीतकर चौथे स्थान पर जगह बनाई।
ग्रुप बी की स्थिति भी ग्रुप ए जैसी है। श्रीलंका ने तीन मैच जीतकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि ओमान तीनों मैच हारकर बाहर हो गया। दूसरे नंबर पर जिम्बाब्वे है, जिसने पहले दो मैच जीते। ऑस्ट्रेलिया तीन में से एक जीत के साथ तीसरे स्थान पर है और आयरलैंड भी एक मैच जीतकर चौथे स्थान पर है।
ग्रुप सी में स्थिति पूरी तरह साफ हो चुकी है। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने सुपर 8 के लिए क्वालीफाई किया है और क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर ग्रुप फेज समाप्त करेंगे। तीसरे स्थान पर स्कॉटलैंड, चौथे पर इटली और पांचवें पर नेपाल हैं, जो सभी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
ग्रुप डी में फिलहाल सिर्फ साउथ अफ्रीका ने सुपर 8 का टिकट पक्का किया है। बाकी चार टीमें अभी भी लीग में जीवित हैं। अगर आज न्यूजीलैंड कनाडा को हरा देता है, तो वह भी सुपर 8 में जगह बना लेगा। इस स्थिति में अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे। अगर कनाडा कोई उलटफेर करता है, तो पॉइंट्स टेबल और रोमांचक हो जाएगी।
इस समय ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की राहें थोड़ी मुश्किल हैं, क्योंकि उन्हें सुपर 8 के लिए अपने अगले मैचों में जीत की सख्त जरूरत है। टूर्नामेंट का रोमांच अब भी बरकरार है और आने वाले मैच निर्णायक साबित होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved