
इंदौर। केसरबाग रोड (Kesarbagh Road) से गुजरने वाले वाहन चालकों (vehicle drivers) को आज रात से परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे द्वारा केसरबाग रोड स्थित रेलवे फाटक (railway crossing) के मेंटेनेंस के लिए यहां 28 फरवरी तक रोजाना रात को काम किया जाएगा, जिसके चलते रात से सुबह के बीच सडक़ यातायात को बंद रखा जाएगा।
रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इंदौर-राजेंद्र नगर रेल खंड पर स्थित समपार फाटक क्रमांक 253 पर ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते सडक़ यातायात अस्थायी रूप से बंद रहेगा। यह बंद व्यवस्था आज रात से लागू होगी। उन्होंने बताया कि रेल संरक्षा बनाए रखने के लिए ट्रैक का नियमित रखरखाव किया जाता है। इसी क्रम में यहां मरम्मत कार्य आज रात से शुरू किया जाएगा। मरम्मत कार्य के कारण 20 फरवरी से 28 फरवरी तक रोजाना रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक इस फाटक से सडक़ आवागमन बंद रहेगा। रेलवे ने वाहन चालकों को असुविधा से बचने हेतु वैकल्पिक मार्ग के रूप में केसरबाग रोड ओवरब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी है।