
जबलपुर। मध्यप्रदेश सहित 3 राज्यों में कल सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील में वार्ड क्रमांक 5 आजाद चौक क्षेत्र में रात दुर्गा मंदिर परिसर में तोडफ़ोड़ की खबर से तनाव की स्थिति बनने के बाद यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बताया जा रहा है कि मंदिर में आरती और मस्जिद में नमाज एक ही समय पर हो रही थी, जिसको लेकर दो पक्षों में पथराव के बाद पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
कर्नाटक के बागलकोट में शिवाजी जयंती यात्रा पर हुए पथराव के बाद दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिससे शहर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि जब जुलूस मस्जिद के पास से गुजर रहा था, तभी वहां रमजान की नमाज अता की जा रही थी। उस दौरान जुलूस में इस्तेमाल किए गए डीजे की आवाज काफी तेज थी।
मस्जिद के लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद हो गया। इस बीच मस्जिद के अंदर से कुछ लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे स्थिति हिंसक हो गई और देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और दोनों समुदाय के लोग सडक़ों पर उतर आए। कुछ लोगों ने मस्जिद के बाहर की दुकानों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।
हैदराबाद में मस्जिद के पास से जुलूस निकालने पर विवाद
हैदराबाद के अंबरपेट में मस्जिद के सामने से शिवाजी जयंती का जुलूस गुजर रहा था। उसी वक्त मस्जिद में रमजान की नमाज चल रही थी। जुलूस के दौरान तेज संगीत और नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। विवाद शुरू होने के बाद फौरन पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाया। कुछ ही देर में हालात सामान्य हो गए। किसी भी नुकसान या हिंसा की जानकारी सामने नहीं आई है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved