
इंदौर। शहर के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दो दिन पहले तक सामान्य से 6 डिग्री नीचे चल रहा पारा कल उछलकर पहली बार 32 डिग्री के आगे जा पहुंचा, वहीं रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रहा और यह 13 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। इस तरह सुबह से रात के बीच कुछ ही घंटों में तापमान में 20 डिग्री की कमी और बढ़त हो रही है। जिससे दिन में जहां गर्मी लग रही है, वहीं रात से सुबह के बीच ठंड का एहसास हो रहा है। दूसरी ओर आज सुबह से एक बार फिर आसमान पर बादल छाने से धूप गायब है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.6 डिग्री, वहीं इससे एक दिन पूर्व दर्ज 24.6 डिग्री की अपेक्षा 7.6 डिग्री ज्यादा था। यानी दो ही दिनों में तापमान में करीब 8 डिग्री की बढ़त आई है। यह इस सीजन का अब तक दर्ज सर्वाधिक तापमान था, वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और कल की अपेक्षा 1.1 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तर पूर्वी रही और अधिकतम रफ़्तार 33 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल फिर बादल देखने को मिल सकते हैं इससे तापमान में फिर गिरावट आ सकती है।
कुछ ही घंटों में सर्दी से गर्मी
कल दिन में जहां तापमान 32 डिग्री के आगे पहुंचा था, वहीं रात से सुबह के बीच यह 13 डिग्री के नीचे पहुंच गया। यानी कुछ घंटों में तापमान में 20 डिग्री की कमी आई, वहीं सुबह से दोपहर की बात करें, तब भी यही दृश्य देखने को मिल रहा है। इसी कारण दिन में जहां गर्मी महसूस हो रही है, वहीं रात को ठंड सता रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved