
गुवाहाटी। असम में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को असम में प्रवेश करने की अनुमति दी। लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद इनकी एंट्री को रोका गया और अवैध घुसपैठियों को बाहर निकालने का काम किया गया।
एक चुनावी रैली में नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल गांधी ने जब पारंपरिक असमिया ‘गमोचा’ पहनने का प्रस्ताव रखा गया, तो उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया, जिससे असमवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंची। वहीं, मस्जिद में जाते समय वह आराम से सिर पर टोपी पहनते हैं।
नवीन ने कहा कांग्रेस ने अवैध घुसपैठियों का समर्थन किया। लेकिन अब राज्य में BJP सरकार ने इस प्रवृत्ति को उलट दिया है और अवैध घुसपैठियों को बाहर निकलने का रास्ता दिखाया है। उन्होंने 10 साल के भाजपा शासन में असम में हुए भारी विकास को रेखांकित करते हुए कहा लोगों को पहले की स्थिति याद रखनी चाहिए। पहले राज्य में आतंकवाद, हिंसा, निवेशकों का पलायन और युवाओं के सपनों का टूटना आम था। हमें सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसी स्थिति दोबारा न बने। गौरतलब है कि असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved