
विदिशा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के विदिशा जिले (Vidisha District) में प्रेम प्रसंग (Love Affair) का एक अनोखा मामला सामने आया। गंजबासौदा क्षेत्र के ग्राम सिरावदा में 20 वर्षीय युवती (Young Girl) अपने प्रेमी से शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर (Mobile Tower) पर चढ़ गई। चिलचिलाती धूप में युवती करीब दो घंटे तक टावर पर खड़ी रही और बार-बार यही कहती रही कि वह शादी करेगी तो सिर्फ अपने प्रेमी से ही करेगी।
मौके पर जुटी भीड़, बढ़ा तनाव
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवती को नीचे उतारने की कोशिश करने लगे। लेकिन जैसे ही कोई व्यक्ति टावर पर चढ़ने का प्रयास करता, युवती और ऊपर चढ़ जाती या नीचे लटकने लगती, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। परिजन नीचे खड़े होकर लगातार उसे समझाते रहे, लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही।
पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही तहसीलदार अरविंद यादव और टीआई संजय बेदिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवती को समझाने की कोशिश शुरू की। टीआई संजय बेदिया ने मोबाइल फोन के जरिए लगातार युवती से बात की और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर डटी रही ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवती ने पुलिस की बात मान ली और सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया, जहां से परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रेमी से बात के बाद उतरी नीचे
बताया गया कि युवती कंजना की रहने वाली है और अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है, लेकिन परिवार के विरोध के चलते उसने यह कदम उठाया। घटना के दौरान भोपाल में काम कर रहे उसके प्रेमी से मोबाइल पर बात कराई गई। दोनों के बीच बातचीत होने के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
तीन घंटे बाद शांत हुआ मामला
करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस, प्रशासन और परिजनों की चिंता बनी रही। अंततः समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और युवती सुरक्षित अपने घर लौट गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved