
इन्दौर। इंदौर (Indore) के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर कल गोंदिया (Gondia) और मुंबई (Mumbai) से आने और जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टार एयर (Star Air) ने कल मुंबई और गोंदिया से आने और जाने वाली अपनी सभी चार उड़ानों को निरस्त कर दिया। इससे नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक स्टार एयर द्वारा करीब एक माह तक अपनी गोंदिया और अहमदाबाद की उड़ानों को निरस्त करने के बाद 15 जनवरी से ही इंदौर से मुंबई और गोंदिया के बीच उड़ानों का संचालन शुरू किया गया है। यह फ्लाइट मुंबई से दोपहर 1.40 बजे इंदौर आकर 2.10 बजे गोंदिया जाती है। गोंदिया से शाम 5.20 बजे इंदौर आकर 5.50 बजे वापस मुंबई जाती है, लेकिन कल कंपनी ने इन सभी चार उड़ानों को निरस्त कर दिया। कंपनी ने इसके लिए ऑपरेशनल कारणों का हवाला दिया। इन उड़ानों से सफर करने के लिए यात्री जब एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें फ्लाइट के निरस्त होने की जानकारी मिली। इस पर यात्रियों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की, लेकिन कंपनी ने यात्रियों को सिर्फ रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिया। सबसे ज्यादा परेशानी गोंदिया के यात्रियों को हुई, क्योंकि गोंदिया से इंदौर के बीच इस फ्लाइट के अलावा अन्य कोई सीधी फ्लाइट नहीं है। वहीं आज भी कंपनी की फ्लाइट संचालित नहीं होती है। ऐसे में यात्रियों को कल तक का इंतजार करना पड़ेगा या दूसरे शहरों से होकर जाना होगा।