
इन्दौर। इंदौर यातायात पुलिस में लंबे समय से पदस्थ अधिकारियों को अब शहर के बड़े चौराहे का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को देना होगी, ताकि यहां हो रही गलतियों में सुधार कर वहां की यातायात व्यवस्था को सुधारा जा सके। एडिशनल सीपी आरके सिंह और डीसीपी (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने कल यातायात के अधिकारियों और पेट्रोलिंग व्हील लॉक टीमों के प्रभारियों की बैठक में ये निर्देश दिए हैं। यातायात पुलिस में कई सूबेदार से लेकर अन्य ऐसे हैं, जिन्हें यहां लंबा वक्त हो गया और इनके पास लगभग शहर के हर चौराहे पर काम करने का अनुभव है।
ऐसे में अब अधिकारी उनके इस अनुभव को भुनाना चाहते हैं। 10 अप्रैल तक ऐसे अधिकारियों को शहर के कुछ प्रमुख चौराहों की तकनीकी गलतियों पर एक रिपोर्ट तैयार कर देना है, जिसमें लेफ्ट टर्न, सिग्नल से लेकर अन्य परेशानियां भी शामिल होंगी कि इस चौराहे पर क्या सुधार किया जा सकता है। यातायात के वरिष्ठ अधिकारी फिर इस रिपोर्ट के आधार पर अन्य संबंधित विभाग से चर्चा कर सुधार कार्य करेंगे, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। इसमें आम जनता भी अपने सुझाव दे सकेगी।
रोस्टर के आधार पर होगी कार्रवाई
इसी के साथ अब व्हील लॉक करने वाली पेट्रोलिंग टीमों को रोस्टर के आधार पर कार्रवाई करना होगी। नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ भी चालान बनाए जाएंगे। हर दिन अलग-अलग धाराओं में चालानी कार्रवाई होगी, जिसमें रेड लाइट जम्प, मोडिफाइड साइलेंसर और ब्लैक फिल्म खासतौर पर शामिल हैं।
आम जनता से न हो गलत व्यवहार
एक वायरल वीडियो में गलत व्यवहार के बाद कल फिर बैठक में अधिकारियों को आम जनता से अच्छा व्यवहार करने की हिदायत दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने ये भी कहा है कि कई जगह से अब भी यातायातकर्मियों के एक जगह बैठे होने की शिकायतें मिल रही हैं, जो कि नहीं होना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved