
उज्जैन। जिले में चल रहे बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य आज शाम तक पूरा हो जाएगा। इसी के साथ ही रिजल्ट की तारीख भी घोषित की जाएगी।
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 10 हाई स्कूल एवं कक्षा 12 हायर सेकेंडरी स्कूल बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन का काम लगभग खत्म हो चुका है। रिजल्ट को फुल प्रूफ करने के लिए क्रॉस चेकिंग चल रही है। एमपी बोर्ड के सूत्रों का कहना है कि, इस साल बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट 15 अप्रैल से पहले जारी कर दिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि, स्कूल शिक्षा मंत्री ने 7 अप्रैल मंगलवार और 12 अप्रैल शनिवार की तारीख दी है। 7 अप्रैल मंगलवार को कैबिनेट मीटिंग होने के कारण सभी भोपाल में रहेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं और रिजल्ट पूरी तरह त्रुटिरहित जारी किया जाएगा। इस बार उज्जैन जिले में करीब 40 हजार छात्र परीक्षा में शामिल हुए हैं,परीक्षा संचालन के लिए प्रदेशभर में 78 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। ऐसे में समय पर परिणाम घोषित कर छात्रों को आगे की पढ़ाई में कोई देरी न हो, यह विभाग की प्राथमिकता है। इस वर्ष प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में करीब 16 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए हैं। इनमें लगभग 9 लाख 7 हजार विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved