
निगम कमिश्नर सुबह पहुंचे थे क्षेत्र में…आज बजट के दौरान रहवासी निगम पहुंचकर समस्याएं बताएंगे
इन्दौर। भागीरथपुरा (Bhagirathpura) क्षेत्र की कई गलियों (Streets) में सडक़ें (Roads) खुदी हुई हैं और पानी के टैंकर भी पहुंच नहीं पा रहे हैं। टंकी से सप्लाय होने वाला पानी फिर से गंदा (Dirty water) आने लगा है, जिसको लेकर आज सुबह रहवासियों ने वहां पहुंचे निगमायुक्त को मामला बताने का प्रयास किया तो अफसरों ने उन्हें वहां से हटा दिया। इस पर गुस्साए रहवासी आज अपनी परेशानी लेकर निगम मुख्यालय बजट बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों को मामला बताएंगे।
भागीरथपुरा में ड्रेनेज लाइनों से लेकर नर्मदा की नई सप्लाय लाइनें बिछाने के काम चल रहे हैं और कई दिनों से चल रहे कार्यों की धीमी गति पर रहवासियोंं ने अफसरों को शिकायत भी की थी। वहां की कई गलियां इतनी संकरी हैं कि पानी के छोटे टैंकर अथवा ट्रैक्टर टैंकर बमुश्किल भेजे जा रहे हैं। क्षेत्रीय रहवासी रमेश बिंजवा, रानू मलोरिया, ओपी मिश्रा और अन्य का कहना है कि चार दिनों से फिर से नलों में ड्रेनेज का पानी आ रहा है और गंदा, मटमैला पानी के कारण लोगों को दूसरे स्थानों से जाकर जैसे-तैसे पानी लाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि टंकी से सप्लाय होने वाला पानी गंदा और बदबूदार आ रहा है और शिकायतों के बावजूद अफसर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। आज सुबह निगमायुक्त क्षितिज सिंघल अफसरों के साथ भागीरथपुरा क्षेत्र में दौरा करने पहुंचे थे तो वहां कई रहवासियों ने उन्हें मामला बताने की कोशिश की तो अफसरों ने उन्हें अपनी बात कहने का मौका नहीं दिया और हटा दिया। इसके बाद रहवासी और भडक़ गए। उनका कहना है कि आज वे इकट्ठे होकर निगम मुख्यालय पहुंचेंगे और बजट बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों से लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव को पूरा मामला बताएंगे, ताकि गर्मियों के चलते उन्हें पानी के लिए परेशान न होना पड़े। पिछले कई दिनों से भागीरथपुरा क्षेत्र में निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों के कारण कई क्षेत्रों और गलियों में टैंकर भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।