
करीमनगर: तेलंगाना के करीमनगर में एक ऐसे बाप की दरिंदगी सामने आई है जो इंसानियत को शर्मसार कर देती है. कच्चू श्रीशैलम नाम के शख्स ने अपनी ही जुड़वां बेटियों को पहले जहर दिया और फिर उन्हें एक कुएं में ले जाकर फेंक दिया. जांच में जो वजह सामने आई वो और भी दर्दनाक है. आरोपी को डर था कि उसकी 2 करोड़ रुपये की संपत्ति उसकी बेटियों के हिस्से में चली जाएगी.
इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी श्रीशैलम है. पुलिस ने इस मामले में श्रीशैलम के साथ-साथ उसके माता-पिता और उसके भाई को भी गिरफ्तार किया है. यह पूरा परिवार इस साजिश में शामिल था, यानी वो मासूम बच्चियां जिन्हें अपनों की गोद में सुरक्षित होना चाहिए था, उन्हीं अपनों ने उन मासूमों की जान ले ली.
यह वारदात करीमनगर जिले में हुई है. घटना तब हुई जब श्रीशैलम का अपनी पत्नी से लड़ाई झगड़ा हुआ. उसी गुस्से और अक्कड़ में उसने अपनी जुड़वां बेटियों को निशाना बनाया. श्रीशैलम ने पहले अपनी जुड़वां बेटियों को ज़हर दिया. इसके बाद उन्हें कुएं में धकेल दिया.
जांच में खुलासा हुआ कि यह कोई आवेश में उठाया गया कदम नहीं था बल्कि सोची-समझी साजिश थी. उसे डर था कि उसकी 2 करोड़ रुपये की संपत्ति आगे चलकर दोनों बेटियों को मिलेगी और वो इसे किसी भी कीमत पर नहीं होने देना चाहता था. बस इतनी सी वजह से एक बाप ने अपनी ही मासूम बेटियों की जान ले ली.
दरअसल यह पूरा मामला सिर्फ एक हत्याकांड का नहीं बल्कि समाज की उस सड़ी हुई मानसिकता का आईना है जो अपनी बेटियों को बोझ समझता है. करीमनगर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved