
इंदौर। न्यू देवास रोड पर एनटीसी की जमीन पर शराब दुकान खोलने के विरोध में आज रहवासी सडक़ों पर आ गए और वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। रहवासियों को जानकारी मिली थी कि यहां मालवा मिल की शराब दुकान ट्रांसफर की जा रही है। बड़ी संख्या में महिलाएं भी दुकान का विरोध करने पहुंच गर्इं। किसी भी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर रहवासियों ने चक्काजाम कर दिया।
न्यू देवास रोड पर लाल बंगला रहवासी एरिया के सामने एनटीसी की जमीन है। यहां आज सुबह जब टेबल लगाई जाने लगी तो रहवासियों ने इसका पता किया। मालूम पड़ा कि यहां शराब दुकान खोली जा रही है। इस पर बड़ी संख्या में रहवासी सडक़ों पर आ गए। इनमें महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा थी। यहां पहले कपड़े की दुकान हुआ करती थी, लेकिन उसे खाली कराया जा रहा है। जैन बहुल इस इलाके में शराब दुकान खोलने का विरोध तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि 2022 में भी यहां शराब दुकान खोलने की कोशिश की गई थी, लेकिन रहवासियों के विरोध के चलते दुकान हटा ली गई थी। बताया जा रहा है कि यह शराब दुकान एक भाजपा नेता समर्थित ठेकेदार की है और जिस जगह पर दुकान खोली जाना है वह भी भाजपा के एक नेता की है। रहवासियों के समर्थन में एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाडिय़ा भी पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों के विरोध के चलते पुलिसकर्मियों का बल भी यहां तैनात कर दिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved