
इंदौर। स्टार प्लस पर आने वाले नए शो ‘तुम देना साथ मेरा’ की बीते तीन दिन से महेश्वर में चल रही शूटिंग में इंदौर से कई कलाकारों को मौका मिला है। ये पंडित, साधु से लेकर नाविक तक के किरदार में नजर आएंगे। इनके अलावा महेश्वर के एक स्थानीय परिवार को भी शूट में शामिल किया गया है। शो में इंदौर की झलक भी दिखाई देने वाली है।
महेश्वर के मुख्य घाट पर 6 अप्रैल से शुरू हुए शूट में नर्मदा जयंती और मां नर्मदा को चुनरी अर्पित करने के सीन शूट किए गए। इसके लिए मुंबई से प्रोडक्शन टीम के साथ इंदौर से भी टीम महेश्वर पहुंची है। लीड किरदार में टीवी जगत की मशहूर जोड़ी सृति झा और शब्बीर अहलूवालिया नजर आएंगे। इनके साथ और भी कई कलाकार पहुंचे हैं। शूट के लिए मुंबई से आए एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि इंदौर से 7 से 8 कलाकारों को अच्छा मौका मिला है। इसमें पंडित के रोल में इंदौर के राजू और आशीष, नाविक के रूप में नरेंद्र राठौड़, साधु के किरदार में हनी सिंह और शॉप कीपर के किरदार में हरीश वर्मा नजर आएंगे। स्थानीय परिवारों को भी इस चार दिन के शेड्यूल में शामिल किया है।
धनुष से लेकर बच्चों के साथ मस्ती के सीन
ड्रीम वल्र्ड मूवीज एंड प्रोडक्शन के हर्ष दवे ने बताया कि इन चार दिन में सभी किरदार ने मां नर्मदा को अर्पित की जाने वाली चुनरी से लेकर नर्मदा जयंती तक के सीन शूट किए हैं। इसके साथ ही शब्बीर के कुछ सीन स्थानीय बच्चों के साथ घाट पर मस्ती करते हुए भी शूट किए गए हैं। शो जल्द ही ऑन एयर होने वाला है, उससे पहले इस जोड़ी के फैंस ने सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved