
इंदौर। इंदौर नगर निगम के बजट सत्र में हुआ ‘वंदे मातरम’ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। राष्ट्रगीत के दौरान खड़े न होने और अपमान करने का आरोप लगाते हुए भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस की दो महिला पार्षदों के खिलाफ पुलिस में मोर्चा खोल दिया है। एमजी रोड थाने में दर्ज कराई गई इस शिकायत में कड़ी वैधानिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और कई प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
इंदौर नगर निगम में बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुई थी। आरोप है कि जब सदन में वंदे मातरम गान हो रहा था, तब कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम और रुबीना इकबाल अपनी सीट से नहीं उठीं और राष्ट्रगीत का अपमान किया। इस घटना के बाद सदन में भारी हंगामा हुआ और भाजपा पार्षदों ने इसे राष्ट्रभक्ति से जोड़ते हुए पुलिस की शरण ली।भाजपा पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल एमजी रोड थाने पहुँचा और दोनों कांग्रेस पार्षदों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
राष्ट्रगीत का सम्मान देश के हर नागरिक का संवैधानिक कर्तव्य है। अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच में क्या निकलकर सामने आता है और क्या इस मामले में वास्तव में कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज होता है या नहीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved