
हापुड़. हापुड़ (Hapur) के धौलाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे (Horrific Road Accidents) में छह लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बरात (Wedding Procession) से लौट रही बस (Bus) और ट्रक (Truck) की आमने-सामने टक्कर हो गई। जबकि 13 लोग घायल हो गए। मृतक गाजियाबाद के डासना के रहने वाले थे।
डासना निवासी इकराम कुरैशी के पुत्र की बरात रात करीब डेढ़ बजे गुलावठी से लौट रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ट्रक के नीचे जा दबी और दोनों वाहन सड़क किनारे खाई में पलट गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही डीएम अभिषेक पांडे व एसपी ज्ञानंजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और हाईड्रा मशीन की मदद से बस को ट्रक के नीचे से निकालकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में सोनू पुत्र जहीर, यूसुफ पुत्र बशीर, अख्तर पुत्र हमीद, यूनुस पुत्र कदीर, मुन्ना पुत्र मेहरबान और बस चालक अशोक पुत्र रतिराम की मौत हो गई। वहीं 13 लोग घायल हो गए, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का उपचार जारी है।
अलीगढ़ में भी हादसा, दो की गई जान
इस दुर्घटना से पहले कल शाम अलीगढ़ में भी एक सड़क हादसा हुआ। सिविल लाइंस-अलीगढ़ के सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि शाम करीब 7 बजे सिकंदरपुर नहर के पास एक ऑटो-रिक्शा और कार की टक्कर की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ऑटो में सवार सभी घायल यात्रियों को स्थानीय सीएससी (पुलिस केंद्र) ले गई। इस दुर्घटना में ऑटो चालक और एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved