
कुल्लू। हिमाचल के कुल्लू जिले के आनी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार शाम भीषण आंधी-तूफान ने कहर बरपाया। उपमंडल आनी के तहत शमशर-गुगरा सड़क पर बाली ओल नामक स्थान के पास करीब पांच बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज तूफान के चलते सड़क किनारे खड़ा एक विशाल चीड़ का पेड़ अचानक चलती बोलेरो नंबर एचपी 01के- 4621 पर गिर गया।
पेड़ गिरने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। हादसे के समय गाड़ी में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह स्कूल अध्यापिकाएं शामिल थीं। इस दुर्घटना में चार महिला अध्यापिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
शवों की हुई पहचान
शव की पहचान स्नेह लता निवासी पारलीधार कमांद, बंती कौंडल निवासी लामीसेरी, उषा कुमारी निवासी तराला जाओं और सीमा आजाद निवासी रोपड़ी के रूप में हुई है। जबकि घायलों में वाहन चालक सुरेश चंद तारा देवी निवासी रोपड़ी और रीना कुमारी निवासी कठेहड़ (सरकाघाट, मंडी) शामिल हैं।
घटना से इलाके में शोक की लहर
घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज आंधी-तूफान को माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है। उन्होंने बताया कि घायलों का आनी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved