
जबलपुर. जबलपुर (Jabalpur) जिले स्थित बरगी डैम (Bargi Dam) में हुए क्रूज नाव हादसे (Cruise Boat Accidents) में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह एक पांच वर्षीय बच्चे और उसके चाचा के शव बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि पांच वर्षीय मयूरम और उसके करीब 50 वर्षीय चाचा कमराज (जो खमरिया स्थित ऑर्डनेंस फैक्ट्री में कर्मचारी थे) के शव डैम में तैरते हुए मिले, जिन्हें बाहर निकाला गया।
सभी 13 लापता लोगों का अब पता लगा लिया-एसडीओपी
बरगी के एसडीओपी अंजुल आयंक मिश्रा ने बताया कि सभी 13 लापता लोगों का अब पता लगा लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। यह हादसा गुरुवार शाम उस समय हुआ, जब लगभग 20 साल पुरानी यह नाव, जो राज्य पर्यटन विभाग द्वारा संचालित थी, तेज आंधी-तूफान के दौरान पलट गई। खोज और बचाव अभियान में आगरा से एयरलिफ्ट कर लाए गए करीब 20 सेना के गोताखोरों के साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल ( एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय गोताखोर शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, नाव में सवार 41 पहचाने गए यात्रियों में से 28 को हादसे के बाद सुरक्षित बचा लिया गया था। वहीं, बोर्डिंग प्वाइंट के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में 43 लोगों को नाव की ओर जाते हुए देखा गया, हालांकि अब तक 41 यात्रियों की ही पहचान हो पाई है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को इस घटना की जांच के आदेश दिए थे और तीन क्रू मेंबर को बर्खास्त कर दिया है। साथ ही राज्य में इस तरह की अन्य नावों के संचालन पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved