
इन्दौर। विधानसभा एक के वार्ड नंबर 1 में अब गंदे पानी की समस्या सामने आने लगी है। लोगों का आरोप है कि रोज पीने के पानी में गटर का बदबूदार पानी मिला हुआ आ रहा है, जिसको लेकर निगम अधिकारी गंभीर नहीं हैं। पानी पी नहीं सकते और उपयोग करने में भी उसमें बदबू आती है। इस पर कल पार्षद ने निगम अधिकारियों के साथ दौरा किया तो मालूम पड़ा कि नर्मदा की लाइन के कपलर में से पानी रिसकर घरों में पहुंच रहा था, जिसे सुधारा गया। अब कल जब नल आएंगे तब देखा जाएगा कि साफ पानी आया या नहीं।
पार्षद का दावा है कि वार्ड में नर्मदा का पानी सप्लाय किया जा रहा है। पहले तो यहां पानी की साढ़े तीन सौ से चार सौ शिकायतें आती थीं, लेकिन नई लाइन डलने के बाद यह समस्या कम हो गई है। वार्ड में 70 किलोमीटर की नर्मदा लाइन डलना है, जिसमें से 65 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। यहां कुछ कालोनियों में गंदे पानी की शिकायत आ रही थी।
लोगों का कहना था कि नर्मदा के पानी में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिसके कारण पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों की शिकायत पर कल पार्षद महेश चौधरी निगम अधिकारियों के साथ पहुंचे और कारण पता किया तो मालूम चला कि नर्मदा के पानी की लाइन में जो कपलर लगाए जाते हैं वे ढीले हो गए हैं, जिससे उसमें लीकेज हो गया है और पानी रिसकर उसमें जा रहा है। तत्काल निगम अधिकारियों ने गड्ढा करवाकर लीकेज सुधारे। इस क्षेत्र में एक दिन छोड़कर जल सप्लाय किया जाता है। अब कल नलों से पानी छोड़ा जाएगा, तब मालूम चलेगा कि समस्या हल हुई है या नहीं।
मारुति पैलेस कालोनी के कुछ घरों में गंदे पानी की शिकायत थी, जिसे दूर कर दिया गया है। अब नर्मदा के पानी की टेस्टिंग की जाएगी और पता लगाया जाएगा कि लोगों की समस्या दूर हुई है या नहीं? -महेश चौधरी पार्षद वार्ड क्रमांक 1
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved