
चंडीगढ़। पंजाब (Punjab) में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने चुनावी मैदान में उतारने का फैसला लिया है। पार्टी विधानसभा की सभी 117 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को उतारेगी। इसकी जानकारी आज चंडीगढ़ प्रेस क्लब में लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब के प्रभारी डॉ. केपी चौधरी ने दी। चौधरी ने आने वाले दिनों में पंजाब को लेकर पार्टी की रणनीति और गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय प्रेसिडेंट चिराग पासवान के मार्गदर्शन में अब पंजाब पर भी फोकस किया जाएगा।
इसे लेकर आगामी 9 को जालंधर में पार्टी की एक अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें आगे की कार्रवाई पर मंथन होगा। विधानसभा चुनाव को लेकर चिराग पासवान भी पंजाब का दौरा करेंगे। इसके लिए 14 जून को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम होगा जिसमें 8000 से 10000 लोगों के आने की उम्मीद है। भाजपा के साथ पंजाब विधानसभा में गठजोड़ के सवाल को लेकर डॉ. केपी चौधरी ने कहा कि इससे इनकार नहीं किया जा सकता। क्योंकि केंद्र सरकार में भी पार्टी का भाजपा के साथ गठजोड़ है। लेकिन इस पर फैसला चुनाव के समय ही लेंगे।
पंजाब से जुड़े मुद्दों पर महासचिव ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और युवाओं में नशा और सबसे बड़ी समस्या है, जिसे लेकर पार्टी अपने घोषणा पत्र में इन मुद्दों को प्रमुखता से रखेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 32 से 34% वोटर अनुसूचित जाति से जुड़ा है, ऐसे में एक बड़ा वोट बैंक पार्टी का समर्थन करेगा।
महिलाओं को 33% सीट आवंटन को लेकर पूछे गए सवाल में उन्होंने कहा कि महिलाओं को पूरा सम्मान और उनका अधिकार पार्टी देगी। मौजूद आम आदमी पार्टी के कार्य प्रणाली से जुड़े सवाल पर महासचिव ने कहा कि मौजूदा सरकार अपना कोई भी वादा पूरा नहीं कर सकी है और लोग अब बदलाव चाहते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved