
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में भीषण गर्मी की वजह से आग लगने की घटना बढ़ती जा रही है. गुरुवार दोपहर खैरी गांव स्थित पुरानी कारों के गोदाम में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 400 से अधिक पुरानी कारें, स्पेयर पार्ट्स, टायर और अन्य सामान जलकर राख हो गए. आग इतनी भयानक थी कि कई किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देता रहा. इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार यह गोदाम नागपुर ग्रामीण क्षेत्र के खैरी-कन्हान मार्ग स्थित तारानगर मोहल्ले में है, जहां मनोज नागदेवे और उनके सहयोगियों द्वारा पुरानी कारों का कारोबार किया जाता है. गोदाम में मरम्मत की गई सेकेंड हैंड कारों के अलावा खराब वाहनों के स्पेयर पार्ट्स, टायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी गई थी.
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया. कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर दमकल विभाग को सूचना दी. आग की लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
कामठी, येरखेड़ा और नागपुर महानगरपालिका से करीब 15 दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया. दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक गोदाम में खड़ी अधिकांश गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं.
शुरूआती जांच में सामने आया कि भीषण गर्मी और ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैली. आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved