
चेन्नई । टीवीके प्रमुख विजय (TVK chief Vijay) ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली (Sworn in as Tamil Nadu Chief Minister) । राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने रविवार को उनके अलावा नौ लोगों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
विजय के शपथ ग्रहण के साथ ही द्रविड़ मुनेत्र कझगम (डीएमके) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (एआईएडीएमके) के लगभग छह दशकों का दबदबा खत्म हो गया। जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में विजय के अलावा एन. आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुण राज, केए. सेंगोट्टैयन, पी.वेंकेटरामनन, आर.निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ.टीके प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय नेता, फिल्मी हस्तियां, पार्टी कार्यकर्ता और हजारों समर्थक शामिल हुए। भारी सुरक्षा व्यवस्था में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ।
टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन को 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु असेंबली में 120 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय ने राज्यपाल से मिलकर दावा पेश किया। टीवीके ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी, लेकिन वह बहुमत से पीछे रह गई। कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्क्सिस्ट, वीसीके और आईयूएमएल ने सरकार बनाने के लिए टीवीके का समर्थन किया। इन दलों के सहयोग से विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास कुल 120 विधायकों का समर्थन हो गया, जिससे सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया। समर्थन मिलने के बाद विजय ने शनिवार रात चेन्नई के लोक भवन में गवर्नर आर्लेकर से मुलाकात की थी और सभी पांच सहयोगी पार्टियों के समर्थन पत्र सौंपे। नए मुख्यमंत्री विजय को 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का भी निर्देश दिया । विजय का शपथ ग्रहण तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव है, क्योंकि 1967 के बाद पहली बार राज्य में कोई गैर द्रविड़ पार्टी सत्ता में आई है।
विजय के समर्थकों के साथ-साथ फिल्म और राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियां भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिससे चलते चेन्नई पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए थे । स्टेडियम और उसके आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया । शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले खास मेहमानों के लिए स्टेडियम में बैठने की खास व्यवस्था की गई थी। सबसे आगे की लाइन में विजय के माता-पिता, मशहूर फिल्म निर्देशक एस. ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर के लिए सीटें आरक्षित की गई। इसके अलावा, अभिनेत्री तृषा कृष्णन और उनकी मां को भी उसी लाइन में सीटें दी गई।
समारोह शुरू होने से पहले एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने वहां मौजूद लोगों और टीवी चैनलों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अभिनेत्री तृषा कृष्णन को विजय की मां शोभा चंद्रशेखर से प्यार से बात करते देखा गया। दोनों के बीच हुई यह मुलाकात सोशल मीडिया पर अब चर्चा का विषय बन गई। कार्यक्रम के दौरान तृषा कई अन्य कलाकारों और फिल्मी हस्तियों से भी मिलती-जुलती दिखाई दीं। कई मेहमान अभिनेत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाते दिखे। विजय के शपथ ग्रहण से पहले पूरे स्टेडियम में जश्न जैसा माहौल दिखाई दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved