
इन्दौर, वीरेंद्रसिंह सिसौदिया। शराब पीकर घर जा रहा एक शख्स से मोड़ पर गाड़ी नहीं रुकी तो वह कुएं में गिर गया। 6 घंटे तक वहीं बैठा रहा, फिर लोगों से मदद मांगी और लोगों ने उसे बाहर निकाला। उसे उसकी पत्नी का डर था कि घर क्या जवाब देगा। इस पर उसने फर्जी लूट और कुएं में फेंकने की कहानी रची और पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस उसकी हालत देख उसके बयानों के आधार पर लूट और हत्या का प्रयास का केस दर्ज किया। बाद में इस पूरे प्रकरण में उस शराबी की पोल खुल गई।
सिमरोल क्षेत्र स्थित पिपल्या लोहार की गिरिराज विला में रहने वाले संजय पिता रतिराम यादव ने सिमरोल थाने में केस दर्ज करवाया था कि बीती 9 तारीख को वह घर जा रहा था और रास्ते में तीन बदमाशों ने रोका और उसके साथ मारपीट करते हुए उसे और उस की बाइक को कुएं में फेंक गए। करीब 6 घंटे तक वह कुएं में ही पड़ा रहा, फिर एक राहगीर के आने की आहट सुनकर उसने मदद के लिए गुहार लगाई और फिर राहगीर ने अन्य की मदद से उसे बाहर निकाला।
उसके कहे अनुसार सिमरोल थाने में अज्ञात लुटेरों पर केस दर्ज हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी उमाकांत चौधरी की टीम आरोपियों की तलाश में लगी। चौधरी ने सबसे पहले संजय के बताए अनुसार वहां से सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जहां से वह घर के लिए निकला था। इस बीच पता चला कि वह एक शराब दुकान पर शराब खरीदने गया और कैमरे में कैद हो गया। कुछ अन्य साक्ष्यों की जांच की तो पता चला कि संजय झूठ बोल रहा है। उससे सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि वह शराब के नशे में बाइक से आ रहा था और मोड़ पर एक कुएं में बाइक मोड़ने के चक्कर में गिर गया और वहीं रातभर मोटर के सहारे बैठा रहा। सुबह शराब उतरी तब लोगों से मदद लेकर बाहर आया। उसे डर था कि पत्नी को क्या बताएगा कि रातभर कहां रहा। इस पर उसने पुलिस का सहारा लिया और झूठी लूट की कहानी रच दी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved