
जयपुर. राजस्थान (Rajasthan) के जयपुर (Jaipur) में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जयपुर-सीकर नेशनल हाईवे (Highway) पर एक SUV पहले ट्रक (truck) से टकराई, फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक रेस्टोरेंट (restaurant ) में जाकर घुस गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक दुर्घटना चोमू के स्टेडियम क्षेत्र के पास हुई है.
जानकारी के मुताबिक, हादसे के दौरान रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी एक कार भी SUV की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि SUV में करीब 12 लोग सवार थे. दरअसल, दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद आनन-फानन में स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस के अनुसार हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हुई है. वहीं अन्य नौ लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोमू सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, हादसे में घायल और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved