
इंदौर। इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि शराब दुकान संचालक और पड़ोस में दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने अचानक हिंसक रूप ले लिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
दरअसल इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से जा चुके थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विवाद शराब दुकान संचालक और उसके पड़ोस में पानी और नमकीन की दुकान लगाने वाले व्यक्ति के बीच हुआ था।
बताया जा रहा है कि दुकान हटाने को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनातनी चल रही थी। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच विवाद और हंगामा दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। बावजूद इसके पुलिस ने वायरल वीडियो और मौके से मिली जानकारी के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही शांति भंग की आशंका को देखते हुए बॉन्डओवर की कार्रवाई भी की गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved