
इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना में एक चौंकाने वाला साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक फर्जी लोन ऐप डाउनलोड करने के बाद एक युवती का मोबाइल डेटा हैक कर लिया गया और उसे ब्लैकमेलिंग के जरिए चार से साढ़े चार लाख रुपए तक वसूल लिए गए। मात्र 40 हजार के लोन के बदले शुरू हुई धमकियों, बदनामी का डर और रिश्तेदारों को भेजी गई आपत्तिजनक सामग्री ने पीड़िता को मानसिक रूप से तोड़ दिया, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई है अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इंदौर में ऑनलाइन लोन ऐप के जाल में फंसी एक युवती से चार से साढ़े चार लाख रुपए तक की जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने गूगल प्ले स्टोर से क्रेडिट लीफ नाम का फर्जी लोन ऐप डाउनलोड किया था, जहां मात्र सात दिन की अवधि के लिए करीब 40 हजार रुपए का लोन लिया गया। लेकिन ऐप की छुपी हुई शर्तों और परमिशन के जरिए ठगों ने युवती का पूरा मोबाइल डेटा हैक कर लिया। हैकर्स ने उसके निजी फोटो, वीडियो और फोन कॉन्टेक्ट तक कब्जा कर लिया और इसके बाद युवती को धमकी, गालियों और रिश्तेदारों को अश्लील फोटो बनाकर भेज दी गई। ठगों ने युवती को सामाजिक बदनामी का डर दिखाकर लगातार पैसों की मांग शुरू की। पीड़िता शर्म और भय के कारण शुरू में चुप रही, लेकिन जब वसूली की रकम लाखों में पहुंच गई और मानसिक उत्पीड़न असहनीय हो गया, तब उसने हिम्मत कर शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि फर्जी ऑनलाइन लोन ऐप्स का गिरोह पहले मोबाइल का डेटा चुराता है, फिर उसी के आधार पर दबाव बनाकर भारी-भरकम रकम ऐंठता है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी डिजिटल एविडेंस जुटाना शुरू कर दिया है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आसान लोन के लालच में लोग किस तरह साइबर अपराधियों के निशाने पर आ जाते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved