
नई दिल्ली । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Chief Minister Rekha Gupta) ने कहा कि मां यमुना गंदी होंगी (If Mother Yamuna becomes Polluted) तो कोई भी भगवान प्रसन्न नहीं होंगे (No Deity will be Pleased) ।
दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष यमुना सफाई अभियान के तहत रविवार को आईटीओ घाट पर व्यापक सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोग शामिल हुए। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी अभियान में हिस्सा लिया और स्वयं यमुना तट पर सफाई कर लोगों को जागरुक करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आज यहां अलग-अलग संगठनों के हजारों वॉलंटियर्स ने ‘श्रमदान’ में हिस्सा लिया। हमारी भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने भी सफाई अभियान में भाग लिया और ‘श्रमदान’ के ज़रिए योगदान दिया। रविवार सुबह 6 बजे से ही यमुना की सफाई का अभियान लगातार चल रहा है। सैकड़ों ट्रक कूड़ा यहां से निकला है। यमुना में लोगों ने पूजन सामग्रियां, भगवान के वस्त्र और मूर्तियां और टूटे पात्र फेंक देते हैं। ऐसे में हम घर का पूजन सामग्री साफ करके किस भगवान को खुश कर रहे हैं। मां यमुना गंदी होंगी तो कोई भी भगवान प्रसन्न नहीं होंगे। यमुना सफाई जहां सरकार का पूर्ण रूप से दायित्व है, वहीं नागरिकों को इसके प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। यहां रहने वाले सभी लोगों को यमुना में कूड़ा न फेंकने का संकल्प लेना होगा।” सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “आज 22 किमी लंबाई वाले यमुना तट पर कई संस्थाओं के वालिंटियर्स और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सफाई की। यह स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा। दिल्ली सरकार पूरी मुस्तैदी से काम करेगी और सभी लोगों को भी यमुना के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करना होगा।
इस अवसर पर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि यमुना को साफ और स्वच्छ बनाना दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा, “यमुना की सफाई हमारी सरकार के प्रमुख एजेंडों में से एक रही है और हम इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। यमुना को स्वच्छ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।” उन्होंने दिल्लीवासियों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यमुना को साफ रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनता की सहभागिता भी आवश्यक है। यदि सभी लोग यमुना नदी को प्रदूषित होने से बचाने के लिए जागरुकता दिखाएं और अपना योगदान दें, तो यमुना को स्वच्छ बनाए रखने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है । प्रवेश वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित दिल्ली भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता यमुना सफाई अभियान में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के प्रयासों और जनता के सहयोग से यमुना को स्वच्छ व निर्मल बनाने का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
भाजपा सांसद स्वाति मालीवाल ने कालिंदी कुंज में ‘मां यमुना नदी तट सफाई अभियान’ में हिस्सा लिया। इस मौके पर स्वाति मालीवाल ने कहा, “आज कई सामाजिक संस्थाएं और पूरा भाजपा परिवार सफाई अभियान में शामिल होने के लिए यमुना तट पर इकट्ठा हुआ है। हम सब मिलकर काम कर रहे हैं और यह अभियान कई घंटों तक चलेगा। हमारा मकसद यह पक्का करना है कि यमुना नदी का किनारा पूरी तरह से साफ-सुथरा हो।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved