
नई दिल्ली: 16 महीने बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फ्रांस के एवियन में द्विपक्षीय मुलाकात हुई. इस दौरान पीएम मोदी ने ट्रंप के सामने भारतीय की सुरक्षा का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण है. प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से कहा, “हमने हमेशा माना है कि समुद्र में आवाजाही की आजादी पक्की होनी चाहिए और हमें इस बात पर जोर देना चाहिए. समुद्री व्यापार के क्षेत्र में दुनिया भर के समुद्रों में लाखों भारतीय नाविक काम करते हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि नाविकों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है. उन्हें भरोसा है कि (ईरान के साथ) समझौते में नाविकों की सुरक्षा की गारंटी दी जाएगी और उसे प्राथमिकता दी जाएगी.” पीएम मोदी ने होर्मुज के बंद होने से आने वाले कठिनाइयों से भी ट्रंप को रूबरू कराया. पीएम मोदी ने कहा कि होर्मुज पर हमारी और आपकी चिंता एक है. होर्मुज का खुलना दुनिया के लिए जरूरी है. इसके खुलने से दुनिया को आसानी होगी. पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से कहा, “पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों में हुई प्रगति को लेकर मैं आपकी लीडरशिप की तारीफ करता हूं.” इस पर ट्रंप ने कहा कि भारत का भी इसमें बड़ा रोल है.
पीएम मोदी से हमारी बहुत अच्छी बातचीत
इसके बाद इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “फ्रांस में हमारी कुछ बहुत अच्छी बैठकें हुईं. यह G7 है.इसके बाद G2 और फिर G20 आता है. खास तौर पर, भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई. हम एक ट्रेड डील पर काम कर रहे हैं. अमेरिका और भारत के बीच बहुत कुछ हो रहा है. अमेरिका अपने अब तक के सबसे अच्छे दौर से गुजर रहा है. हमारे पास 19.2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा आ रहे हैं, और हम फैक्टरियां बना रहे हैं; हम हर चीज का प्रोडक्शन कर रहे हैं.
पीएम मोदी के प्रयासों की तारीफ करता हूं: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री अमेरिका में काफी प्रोडक्शन कर रहे हैं. वह अमेरिका में काफी पैसा खर्च कर रहे हैं, इसलिए हम उनके प्रयासों की तारीफ करते हैं. लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त रहे हैं, और हमारे रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं, और आपके साथ होना बहुत अच्छा लग रहा है.”
भारत पर अगर हमला होता है तो हम देंगे जवाब
भारत से रक्षा संबंधों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कहते हैं, “मुझे लगता है कि यह एक बहुत अच्छा रिश्ता है. भारत और अमेरिका के रक्षा संबंधों को लेकर भी बात चल रही है. ट्रंप ने कहा कि हम हर तरह से भारत के साथ हैं. अगर भारत पर हमला होता है तो अमेरिका उनकी मदद के लिए वहां मौजूद रहेगा.
पीएम मोदी ने G7 समिट में भी उठाया था समुद्री सुरक्षा का मुद्दा
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को फ्रांस के एवियन शहर में G-7 समिट में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया में तनाव और समुद्री मार्गों की असुरक्षा का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया. पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों की प्रगति का हम स्वागत करते हैं. इस संघर्ष के कारण क्षेत्र में हमारे मित्र देशों में जान-माल का नुकसान हुआ है. होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले समुद्री व्यापार में बाधा से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है.
उन्होंने आगे कहा कि कई भारतीय नागरिकों की भी जान गई है. समुद्री रास्ते से देशों को जोड़ने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समुद्री रास्ते सुरक्षित रहें और नाविक बिना किसी डर के अपना काम कर सकें.
भारत-अमेरिका के बीच इन मुद्दों पर बात
दोनों देशों के अधिकारी इस बैठक में व्यापार समझौते, ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी, वीजा से जुड़े मुद्दों और भू-राजनीतिक चुनौतियों पर ठोस प्रगति की उम्मीद कर रहे हैं. व्यापार पर बातचीत पहले से ही चल रही है और दोनों पक्ष एक अंतरिम समझौते की संभावना को लेकर आशावादी हैं. G7 शिखर सम्मेलन में मोदी और ट्रंप के बीच यह बैठक न केवल भारत-अमेरिका संबंधों की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि दोनों नेताओं के बीच बनी खास व्यक्तिगत कूटनीति को भी उजागर करती है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved