
उज्जैन। सिंहस्थ कार्यालय का निर्माण चल रहा है और इसमें सभी तरह की सुविधा रहेगी तथा अगले वर्ष अगस्त तक इसका कार्य पूरा करने की बात कही जा रही है। पुराने सिंहस्थ कार्यालय को प्रशासनिक कार्य में उपयोग किया जाता है। इसका फाउंडेशन का निर्माण पूरा हो चुका है।
कार्तिक मेला मैदान के पास वाली जमीन जहाँ पर पुराने समय में मेले का मंच था उसी के पास वाली जमीन पर सिंहस्थ प्राधिकरण का नया कार्यालय बनाया जा रहा है। निर्माण की एजेंसी विकास प्राधिकरण है। प्राधिकरण के अधीक्षण यंत्री श्री रघुवंशी ने बताया 1.5 हेक्टेयर जमीन पर यह नई बिल्डिंग बनाई जा रही है। इसमें 3000 स्क्वायर मीटर पर बिल्डिंग का निर्माण होगा। अन्य स्थान पर पार्किंग एवं अन्य सुविधाएँ होंगी। यह बिल्डिंग पूरी तरह अत्याधुनिक बनाई जाएगी। यहाँ पर कंट्रोल रूम एवं अन्य सुविधाएँ भी रहेगी तथा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं सदस्यों तथा अन्य अधिकारियों के बैठने के लिए कक्ष रहेंगे। बिल्डिंग के निर्माण पर लगभग 20 करोड़ रूपया खर्च होगा, वहीं इंटीरियर पर लगभग 5 करोड़ के आसपास खर्चा होगा। इस प्रकार 25 करोड़ में यह बिल्डिंग बनकर तैयार होगी और इसे लगभग अगस्त 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। सिंहस्थ का महापर्व इसी बिल्डिंग से पूरी तरह कंट्रोल किया जाएगा। वर्तमान में फाउंडेशन बनाने का काम लगभग पूरा हो चुका है और अब बिल्डिंग आने वाले दिनों में आकार लेने लगेगी। कार्तिक मेला मैदान एवं इससे लगे क्षेत्र का लगातार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विकास कर रहे हैं। पास में ही सदावल में हेलीकॉप्टर उतर जाए इतना बड़ा हेलीपैड और भूखी माता क्षेत्र में सर्किट हाउस तथा सिंहस्थ प्राधिकरण का कार्यालय भी यहाँ पर खोला जा रहा है। क्षेत्र का प्रशासनिक विकास बहुत तेजी से होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved