
पटना । राजद नेता तेजस्वी यादव (RJD leader Tejaswi Yadav) ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था (Law and Order in Bihar) पूरी तरह चरमरा गई है (Has completely Collapsed) ।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार पर आरोप लगाया कि बिहार में हत्या, अपहरण, लूट, बलात्कार और चोरी जैसी आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय विफलताओं को छिपाने में लगी है।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर राज्य में हाल के दिनों में हुई विभिन्न आपराधिक घटनाओं से जुड़ी समाचारों की कटिंग साझा करते हुए कहा कि बिहार की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र, युवा, व्यवसायी, महिलाएं और आम नागरिक अपराधियों के निशाने पर हैं। उनके मुताबिक पुलिस और अपराधियों का कथित गठजोड़ राज्य के लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है, जबकि सत्ता पक्ष के नेता भ्रष्टाचार और शराब तस्करी जैसे मामलों में व्यस्त हैं।
इससे पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र के न्यू करबिगहिया निवासी किराना व्यवसायी बंटी कुमार के अपहरण और हत्या के मामले को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि छह जुलाई को पटना जंक्शन के पास से बंटी कुमार का अपहरण किया गया था। उनका दावा है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की और परिजनों को ही फटकार लगाई।
राजद नेता ने कहा कि उनकी पार्टी के एक शिष्टमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के दबाव के बाद पुलिस ने अथमलगोला थाना क्षेत्र से बंटी कुमार का क्षत-विक्षत शव बरामद कर परिजनों को इसकी सूचना दी। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस शुरुआत से सक्रियता दिखाती तो संभवतः युवक की जान बचाई जा सकती थी। तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों के अनुसार करबिगहिया और पटना जंक्शन के आसपास अवैध देह व्यापार का नेटवर्क संचालित हो रहा है, जिसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि ऐसे अपराधियों और कथित सिंडिकेट के सरगनाओं पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इधर, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की पुत्री और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहिणी आचार्या ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने लिखा कि बंटी यादव की निर्मम हत्या ने एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पटना जंक्शन जैसे अत्यधिक संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके से एक युवक का दिनदहाड़े अपहरण यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। रोहिणी आचार्या ने दावा किया कि बंटी यादव स्थानीय स्तर पर चल रहे कथित अवैध देह व्यापार का विरोध कर रहे थे और राज्य सरकार ऐसे लोगों को भी सुरक्षा देने में विफल रही, जो अपराध के खिलाफ आवाज उठाते हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved