नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सैन्य वाहन पर लगी भारी मशीनगन (Machine gun) अचानक अनियंत्रित होती दिखाई देती है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि यह घटना रूसी सेना (Russian army) के एक अभ्यास के दौरान हुई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए इसे एआई से तैयार किया गया वीडियो भी बता रहे हैं।
वायरल क्लिप में एक ट्रक पर लगी भारी मशीनगन के पास खड़ा सैनिक उसे संचालित करता नजर आता है। कुछ ही क्षण बाद हथियार पर उसका नियंत्रण छूट जाता है। इसके बाद मशीनगन तेजी से घूमने लगती है और अलग-अलग दिशाओं में लगातार फायरिंग होने लगती है।
वीडियो में यह भी दिखता है कि मशीनगन के तेज झटके से सैनिक वाहन से नीचे जा गिरता है। वहीं, उसके पीछे मौजूद दूसरा जवान तुरंत झुककर खुद को गोलियों की चपेट में आने से बचाने की कोशिश करता है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए पोस्ट में दावा किया गया है कि वीडियो में दिखाई देने वाला हथियार YakB-12.7 चार बैरल वाली रोटरी हैवी मशीनगन है। इस प्रकार की मशीनगन का इस्तेमाल सामान्य तौर पर Mi-24 अटैक हेलीकॉप्टर पर किया जाता है। हालांकि वायरल वीडियो में इसे एक सैन्य ट्रक पर लगाया गया दिखाई देता है। कुछ रिपोर्टों में अनुमान लगाया गया है कि इसका उपयोग ड्रोन रोधी भूमिका में किया जा रहा था, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल दावों के अनुसार, यह घटना रूसी सेना के प्रशिक्षण के दौरान हुई थी। हालांकि अब तक किसी सरकारी या सैन्य स्रोत ने इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना में किसी सैनिक के घायल होने या मौत की भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और किस स्थान का है।
यह वीडियो एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर “War Monitor” नामक अकाउंट से साझा किया गया है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां कुछ लोग इसे वास्तविक घटना बता रहे हैं, वहीं कई यूजर्स का कहना है कि यह वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से तैयार किया गया हो सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved