
नागदा (प्रफुल्ल शुक्ला)। जावरा-उज्जैन स्टेट हाईवे जिस पर अब तक सैकड़ों दुर्घटनाएँ और कई जाने जा चुकी है। तीन दिन पूर्व आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांसद अनिल फिरोजिया और विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान की माँग पर अधिकारियों को इस रोड के चौड़ीकरण करने के प्रयास के निर्देश मंच से दिए थे।
मुख्यमंत्री द्वारा अधिकारियों को निर्देश देने के बाद भी शहर में इस रोड के चौड़ीकरण को लेकर संशय बना हुआ है कि रोड चौड़ीकरण मात्र आश्वासन बनकर ही ना रह जाए। सोमवार देर शाम अग्रिबाण से चर्चा के दौरान सांसद अनिल फिरोजिया न केवल पूरी तरह आश्वस्त दिखे बल्कि स्पष्ट तौर पर कहा कि रोड चौड़ीकरण को लेकर अब कोई किंतु परंतु नहीं है। सांसद फिरोजिया ने बताया कि विधायक डॉ. चौहान और उनके द्वारा मांग रखे जाने के दौरान वहाँ संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों को मैंने ग्रीनफील्ड हाईवे बनने के बावजूद इस रोड कि आवश्यकता बनी रहने और चौड़ीकरण करने संबंधी स्पष्ट बात की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए घोषणा से पहले अधिकारियों से मेरे समक्ष न केवल बात की बल्कि उन्हें उचित कदम उठाने के निर्देश भी दिए। उद्बोधन के दौरान भी उन्होंने अधिकारियों को ही स्पष्ट निर्देशित किया था। सांसद फिरोजिया ने कहा कि इस सबके बावजूद भी वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे और प्रयास करेंगे के जल्द विभागीय कार्यवाही पूर्ण हो और जमीनीस्तर पर काम प्रारंभ हो सके। गौरतलब है कि हाल ही में ग्रीनफील्ड हाईवे भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने वर्तमान टूलेन के चौड़ीकरण कि माँग प्रमुखता से रखी थी जिस पर मुख्यंत्री ने आधिकारियों को निर्देशित भी किया था। इस स्टेट हाईवे को लेकर विधायक डॉ. चौहान विधानसभा में प्रश्न भी लगा चुके है। सांसद फिरोजिया ने तो दिल्ली संसद में खड़े होकर सैकड़ों दुर्घटनाओं का जिक्र करते हुए खुद उज्जैन से नागदा इस रोड से आने जाने में जान जाने का खतरा बताया था। तीन दिन पूर्व भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष भी उन्होंने इस रोड को हत्यारी रोड कहा था। जनप्रतिनिधियों कि गंभीरता देखते हुए आशा कि जा सकती है कि जल्द ही रोड चौड़ीकरण संभव हो सकेगा और आम लोगों का आवागमन सुगम दुर्घटना रहित संभव हो सकेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved