
छात्रों के महाआंदोलन के 15वें दिन पैदल रैली से निकले छात्र
इंदौर। छात्रों (Students) की शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं (Education, Employment, and Competitive Examinations) से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जारी अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन (Demonstration) में कल 15वें दिन विशाल पैदल रैली के रूप में कलेक्टोरेट (Collectorate) पहुंचे छात्रों ने आकांक्षा योजना से जुड़ी मांग को लेकर कलेक्टोरेट के गेट पर ही मुंडन करवा लिया। इस अनोखे विरोध के बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित आदेश जारी किए। इससे पहले कुछ छात्र इसी परेशानी के संबंध में जनसुनवाई में कलेक्टर से भी मिले थे, वहीं छात्रों ने अपनी 23 सूत्री मांगों के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी प्रशासन को सौंपा।
डाक महिला संगठन ने सौंपा पुलिस आयुक्त को ज्ञापन
डाक महिला संगठन इंदौर ने अपनी सक्रिय और जिंदादिल सदस्य उर्मिला सैनी की निर्मम हत्या पर रोष जताते हुए पुलिस आयुक्त को कल ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सैनी की हत्या के आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के साथ ही उनके परिवार की सुरक्षा की मांग की गई है। संगठन ने इस संबंध में संयोगितागंज पुलिस थाने में भी ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नेहा भार्गव निरीक्षक योजना कार्यालय पोस्टमास्टर जनरल इंदौर, अध्यक्ष आंतरिक लैंगिक उत्पीड़न समिति, सचिव डाक महिला संगठन और अन्य सदस्य सहित सैनी की बेटी एवं परिवारजन मौजूद थे।
मांडू के होटल मालवा रिसोर्ट का होगा 73 लाख में विस्तार
मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने सिंहस्थ से पहले अपने इंदौर रीजन के सभी होटल और रिसोर्ट को रिनोवेट करने का काम शुरू किया है। अब इंदौर रीजन के अंतर्गत आने वाले धार जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मांडू स्थित विभाग की एकमात्र होटल मालवा रिसोर्ट के दिन फिरने वाले हैं। यहां विस्तार कार्यों को गति देने के लिए 73 लाख 50 हजार के टेंडर जारी हुए हैं, जिसके तहत यहां विद्युतीकरण, एयरकंडीशनिंग और ईएलवी के काम कराए जाएंगे। टेंडर जारी होने और वर्क ऑर्डर होने के बाद 9 महीने में ये काम यहां पूरे करने होंगे। उल्लेखनीय है कि मांडू रीजन का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए काम किए जा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved