img-fluid

अमेरिका में भारतीय पर धर्म पूछकर 15 बार चाकू से हमला, इलाज के लिए दुनिया भर से जुटे ₹2 करोड़

July 17, 2026

वाशिंगटन। अमेरिका के यूटा (Utah) राज्य में भारतीय मूल के एक व्यक्ति पर कथित तौर पर धार्मिक पहचान के आधार पर हुए जानलेवा हमले (Life-threatening attacks) ने लोगों को झकझोर दिया है। हैदराबाद निवासी सैयद सोहैलुद्दीन (Syed Sohailuddin) पर एक शख्स ने चाकू से कई बार हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी कई सर्जरी हो चुकी हैं। इस बीच उनके इलाज और परिवार की सहायता के लिए दुनिया भर के लोगों ने ऑनलाइन अभियान के जरिए 2,35,000 अमेरिकी डॉलर (करीब ₹2 करोड़) से अधिक की राशि जुटा ली है।

जानकारी के अनुसार, घटना 13 जुलाई को यूटा के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली फेयर मॉल में हुई। पुलिस के मुताबिक 48 वर्षीय आरोपी पीटर माइकल लार्सन ने पहले सैयद सोहैलुद्दीन से उनका नाम और मूल देश पूछा। भारत से होने की जानकारी मिलने के बाद उसने उनसे धर्म के बारे में सवाल किया। पीड़ित के मुस्लिम होने की पुष्टि करते ही आरोपी ने उन पर लगातार चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में सोहैलुद्दीन को करीब 15 बार चाकू मारा गया।

घटना के तुरंत बाद मॉल में मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोहैलुद्दीन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी कई सर्जरी की गई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।



  • परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सैयद सोहैलुद्दीन अपने घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। उनके पास स्वास्थ्य बीमा नहीं होने के कारण इलाज का खर्च बड़ा संकट बन गया था। इसी वजह से ऑनलाइन फंडरेज़िंग अभियान शुरू किया गया, जिसे दुनिया भर के लोगों का व्यापक समर्थन मिला और कुछ ही समय में दो करोड़ रुपये से अधिक की मदद जुटा ली गई।

    पुलिस जांच में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह मुसलमानों को निशाना बनाना चाहता था। अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे धार्मिक घृणा से प्रेरित हमला माना है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

    इस घटना पर सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी चिंता और दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि वह पीड़ित के परिवार और उनके परिचितों के लगातार संपर्क में है तथा आवश्यक राजनयिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

    Share:

  • 'चीन ने चुराया 22 करोड़ अमेरिकी मतदाताओं का डेटा', ट्रंप का बड़ा दावा; FBI-CIA से जांच की मांग

    Fri Jul 17 , 2026
    वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने देश को संबोधित करते हुए चुनावी सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कई गंभीर दावे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन ने करीब 22 करोड़ अमेरिकी मतदाताओं का संवेदनशील डेटा हासिल कर लिया है। ट्रंप के मुताबिक, यह मामला अमेरिकी चुनावी व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा है […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved