जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले में प्रेम विवाह (love marriage) को लेकर विवाद गहरा गया है। आरोप है कि 84 गांवों की एक खाप पंचायत ने प्रेम विवाह (love marriage) करने वाले जोड़े के परिवार पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया। इतना ही नहीं, तय राशि जमा नहीं करने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी गई। मामले ने तूल पकड़ने के बाद युवती ने वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के रहने वाले अर्जुन लाल मीणा ने आरोप लगाया कि उनके भतीजे कमलेश मीणा और एक युवती ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है। विवाह के बाद इस मामले को लेकर खाप पंचायत बुलाई गई, जहां परिवार की बात सुने बिना जुर्माना लगाने का फैसला कर दिया गया।
परिवार का कहना है कि पंचायत के दौरान उनकी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि पंचायत में उन पर सामाजिक दबाव बनाया गया और फैसले का विरोध करने पर भी दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
विवाद के बीच युवती ने एक वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया कि उसने अपनी इच्छा और सहमति से प्रेम विवाह किया है। उसने कहा कि उसका न तो अपहरण हुआ और न ही किसी तरह की जबरदस्ती की गई। युवती ने यह भी दावा किया कि उसे अपने मायके और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों से जान का खतरा है, इसलिए उसने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की है।
मामले में थाना अधिकारी मदनलाल मीणा ने बताया कि युवती की ओर से सुरक्षा संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर संबंधित लोगों के खिलाफ इस्तगासा दायर करते हुए उन्हें पाबंद कराया है। पूरे मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है, जबकि प्रेम विवाह और खाप पंचायत के फैसले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved