
इंदौर। नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रवर्तन निदेशालय के इंदौर स्थित कार्यालय ने पांच साल पुराने 70 करोड़ रुपये मूल्य के 70 किलोग्राम एमडीएमए मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने इस सिलसिले में इंदौर और मंदसौर स्थित विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया, जहां से इस सिंडिकेट के एक आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई साथ ही नशे के कारोबार से कमाई गई आय की जांच भी की गई है।
दरअसल यह कार्रवाई इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच पुलिस द्वारा साल 2021 में की गई कार्रवाई का हिस्सा है। जहां क्राइम ब्रांच पुलिस ने पांच फरवरी 2021 को 70 करोड़ की 70 किलो एम डी एम ए ड्रग्स पकड़ी थी और तत्कालीन रूप से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था इस मामले में अब तक करीब 49 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इस पूरे ड्रग सिंडिकेट की कार्यप्रणाली पर जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पांच साल पहले हुई इस कार्रवाई में आरोपी इंदौर से भारी मात्रा में ड्रग्स ले जाकर मुंबई में सप्लाई किया करते थे। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी के कारण इस नेटवर्क से जुड़े अब तक कुल 49 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
हाल ही में ई डी द्वारा की गई कार्रवाई में एक और आरोपी को दबोचा गया है,जो इस सिंडिकेट की महत्वपूर्ण कड़ी थी। डीसीपी त्रिपाठी के अनुसार, मामले में चार आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। ईडी की जांच में विशेष तकनीकों के माध्यम से एक प्रमुख फरार आरोपी के गुप्त ठिकाने का पता लगाकर तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान महत्वपूर्ण आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और एक रिश्तेदार के नाम पर संचालित बैंक लॉकर का पता चला है। ईडी अब इस अपराध से अर्जित आय और धन के प्रवाह की विस्तृत वित्तीय जांच कर रही है। वहीं डीसीपी त्रिपाठी का यह भी कहना है कि ई डी अपने विभाग के अनुरूप आर्थिक आधार पर आरोपियों द्वारा अर्जित आय की जानकारी जुटाने का कार्य कर रही है, जबकि क्राइम ब्रांच आरोपियों की धरपकड़ के लिए अब भी अलग अलग सूचनाओं के आधार पर छापेमार कार्रवाई कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved