
इंदौर। कल अचानक दिल्ली में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस को मैसेज आया कि सभी जिलों में इसके विरोध में धरना करना है। आधे घंटे में ही इंदौर के नेताओं को सूचना दी गई और थोड़ी ही देर में रात 9 बजे तक राजबाड़ा पर सैकड़ों कांग्रेसी इकट्ठा हो गए। धरना करीब डेढ़ घंटे तक चला।
राजबाड़ा पर अचानक पहुंचे कांग्रेसियों की खबर मिलने के बाद तीन थानों का बल यहां लगा दिया गया था। शहर कांगे्रस अध्यक्ष चिंटू चौकसे सबसे पहले पहुंचे और उन्होंने ही संचालन अपने हाथों में लिया। उन्होंने घोषणा की कि अगर हमारे नेता राहुल गांधी को रिहा नहीं किया जाता है तो हम भी गिरफ्तारी देने आए हैं। अगर गिरफ्तार नहीं किया तो हम सारी रात यही धरने पर बैठेंगे। सवा 9 बजे तक अधिकांश ब्लाक अध्यक्ष और शहर कांग्रेस के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ सैकड़ों की संख्या में राजबाड़ा पहुंच गए थे। इनमें संगठन सचिव संजय बाकलीवाल के साथ-साथ एआईसीसी सचिव सत्यनारायण पटेल, पूर्व महिला अध्यक्ष शोभा ओझा, देवेन्द्रसिंह यादव, अमन बजाज, अमित पटेल, पिंटू जोशी, सरफराज अंसारी, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, शैलेष गर्ग, अरविंद बागड़ी, अमित चौरसिया सहित अन्य कांग्रेसी नेता शामिल थे।
कार्यकर्ताओं ने नरेन्द्र मोदी शेम-शेम, प्रधानमंत्री इस्तीफा दो, जब-जब मोदी डरता है पुलिस आगे करता है के नारे लगाए। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि छात्रों का आंदोलन दबाने के लिए उन पर लाठीचार्ज किया गया और उनकी आवाज उठाने के लिए राहुल गांधी पहुंचे तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, यह कौनसा लोकतंत्र हैं, जहां अपनी आवाज भी उठाने नहीं दी जाती है। करीब एक घंटे तक नेताओं की नारेबाजी और भाषणबाजी चलती रही। करीब 10 बजे नेताओं के पास मैसेज आया कि राहुल गांधी को रिहा कर दिया गया है। इस पर नेताओं ने ताली बजाकर स्वागत किया और कहा कि सरकार देशभर में हो रहे धरनों से डर गई थी, इसलिए राहुल गांधी को गिरफ्तारी के बाद छोड़ दिया गया। हालांकि धरना डेढ़ घंटे ही चला और रात साढ़े 10 बजे तक कांगे्रसी अपने घरों को लौट गए।
पटवारी भी आने वाले थे इंदौर
बाद में मालूम चला कि जीतू पटवारी भी इंदौर आ रहे हैं, लेकिन पटवारी अचानक धरने की सूचना मिलने के बाद रास्ते में ही सीहोर शहर कांग्रेस के धरने में शामिल हो गए। वे देर रात इंदौर पहुंच सके और सीधे भंवरकुआ पहुंचे, जहां छात्र आंदोलन कर रहे हैं। अधिकांश छात्र सो गए थे। कुणाल चौधरी के साथ पहुंचे पटवारी ने छात्रों को उठाकर बात की और कहा कि पूरी कांग्रेस आपके साथ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved