
डेस्क। पवन सिंह का नया शो ‘भोजपुरी बवाल’ जल्द ही रिलीज होने वाला है। इस रियलिटी शो में पवन सिंह के साथ दिनेश लाल यादव (निरहुआ), आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में मेकर्स ने इस शो का एक प्रमोशनल वीडियो जारी किया है। इसमें पवन सिंह अपनी मां के साथ भावुक होते हुए नजर आ रहे हैं।
पवन सिंह ने शो का प्रमोशनल वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसमें वह अपनी मां के पैर दबा रहे हैं। वह उनके साथ काफी गंभीर बात कर रहे हैं। पवन सिंह अपनी मां से पूछते हैं ‘आपके पैर में ये सूजन क्यों है?’ इस पर उनकी मां कहती हैं ‘मुझे शुगर, बीपी है। मेरी तबीयत खराब है। पवन तुम सब काम छोड़कर मेरे पास आ गए। मेरा बेटा मेरी बहुत इज्जत करता है।’
इस पर पवन सिंह कहते हैं ‘मेरे पास अगर कोई संपत्ति है, तो सिर्फ और सिर्फ आप हो। बाकी मेरे पास कुछ नहीं है।’ यह कहते हुए पवन सिंह की आंखों से आंसू आ जाते हैं। इसके बाद पवन सिंह की मां कहती हैं ‘तुम्हारी मां चली जाएगी, तो तुम क्या करोगे? बस शादी कर लो।’ इस पर पवन सिंह कहते हैं ‘अगर मां चली जाएगी, तो पवन खत्म हो जाएगा।’
वीडियो को शेयर करते हुए पवन सिंह ने कैप्शन में लिखा है ‘मेरी मां मेरी दुनिया है’। पवन सिंह की तरफ से शेयर किए गए इस वीडियो पर कई यूजर्स प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने उन्हें अपना सबसे पसंदीदा अभिनेता बताया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved