
नई दिल्ली. जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर पेपर लीक (Paper leak) और परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन चल रहा था, जिसका नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कर रही थी. प्रदर्शनकारियों की तीन प्रमुख मांगें थीं, जिनमें सबसे बड़ी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे की थी. शनिवार (25 जुलाई) को धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके साथ ही सरकार ने CJP की बाकी दो मांगों को भी मान लिया था. इस्तीफे के बाद सोमवार (27 जुलाई) को धर्मेंद्र प्रधान संसद पहुंचे, जहां बीजेपी सांसदों ने उनका स्वागत किया. अब इसे लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बीजेपी पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि ‘धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्टाचार और भारत की बर्बाद एजुकेशन सिस्टम के प्रतीक हैं और हमेशा रहेंगे.उसी सिस्टम ने 26 बच्चों की जान ली और लाखों युवाओं को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया. इस्तीफा भी नैतिकता से नहीं, युवाओं के आक्रोश से डरकर देना पड़ा और आज उसी व्यक्ति को संसद में BJP माला पहना रही है.’
धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्टाचार और भारत की बर्बाद education system के प्रतीक हैं और हमेशा रहेंगे।
उसी system ने 26 बच्चों की जान ली, और लाखों युवाओं को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया।
इस्तीफ़ा भी नैतिकता से नहीं – युवाओं के आक्रोश से डरकर देना पड़ा।
और आज उसी व्यक्ति को संसद में… pic.twitter.com/7FnxOj6VfX
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 27, 2026
राहुल गांधी ने आगे लिखा, ‘यह कोई सम्मान नहीं, लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न है. देश का हर छात्र ये देख रहा है और इसमें शामिल हर चेहरा याद रखेगा.’
धर्मेंद्र प्रधान का सम्मान
संसद भवन पहुंचते ही धर्मेंद्र प्रधान का मकर द्वार पर NDA सांसदों ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें पाग पहनाया. इसके बाद सांसद उन्हें पूरे सम्मान के साथ सदन के अंदर लेकर गए. सूत्रों के मुताबिक, इस स्वागत के जरिए सरकार यह संदेश देना चाहती है कि धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों और देश के हित को ध्यान में रखते हुए अपनी अंतरात्मा की आवाज पर स्वेच्छा से इस्तीफा दिया था. उनके इस फैसले के साथ सरकार और संगठन मजबूती से खड़े हैं.
इस्तीफे के बाद बीजेपी नेताओं ने की मुलाकात
धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता उनसे मिलने उनके आवास पहुंचे थे. इनमें गृह मंत्री अमित शाह, पीयूष गोयल, जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह, निर्मला सीतारमण, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई नेता शामिल थे. मुलाकात के दौरान बीजेपी नेताओं ने प्रधान के इस्तीफे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था. साथ ही यह भी कहा था कि धर्मेंद्र प्रधान ने अपनी इच्छा से पद से इस्तीफा दिया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved