
डेस्क: प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय में एलएलबी सेमेस्टर परीक्षा के नतीजे सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई है. स्टूडेंट्स ने परीक्षा की आंसरशीट्स के मूल्यांकन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. छात्रों का दावा है कि करीब 12 हजार विद्यार्थियों में से लगभग 3 हजार छात्र फेल हुए हैं. कई छात्रों ने आरटीआई के जरिए अपनी आंसरशीट्स निकलवाकर देखीं. उनका आरोप है कि आंसर लिखने के बावजूद उन्हें बहुत कम अंक दिए गए या कुछ सवालों में जीरो अंक मिले. अब छात्र दोबारा मूल्यांकन और पूरी प्रक्रिया की जांच की मांग कर रहे हैं.
एलएलबी फोर्थ सेमेस्टर के तीसरे प्रश्नपत्र की एक आंसरशीट देखने के बाद छात्रों ने मूल्यांकन पर सवाल उठाए हैं. एक स्टूडेंट का कहना है कि उसने प्रश्नपत्र के सवालों के जवाब लिखे थे, लेकिन इसके बावजूद उसे पूरे पेपर में जीरो नंबर मिले. इसी तरह फोर्थ सेमेस्टर के चौथे प्रश्नपत्र की कुछ कॉपियों में कई सवालों के सामने सिर्फ एक-एक अंक दिए जाने की बात सामने आई है. आरटीआई के तहत कॉपियां देखने वाले छात्रों का कहना है कि आंसर लिखे होने के बावजूद उन्हें उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं मिले. इससे परीक्षा रिजल्ट को लेकर असंतोष बढ़ गया है.
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आंसरशीट का दोबारा मूल्यांकन कराने और मूल्यांकन प्रक्रिया की जांच करने की मांग की है. छात्रों का कहना है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के फेल होने पर रिजल्ट की समीक्षा होनी चाहिए. कुलपति प्रोफेसर अखिलेश कुमार सिंह ने कहा है कि मूल्यांकन से असंतुष्ट विद्यार्थी चुनौती मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं.
वहीं, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि विभाग ने 2026-27 सत्र के बीए-एलएलबी (ऑनर्स) में एडमिशन के लिए आठवीं मेरिट और कटऑफ जारी कर दी है. जलरल कैटेगरी का कटऑफ 556 से 554.54 अंक, ईडब्ल्यूएस का 532 से 530, ओबीसी का 519 से 515 और एससी का 468.77 से 467 अंक रहा. चयनित छात्रों को 15 अगस्त शाम 4 बजे तक फीस जमा करनी थी. इसके अलावा अन्य कोर्सेज के कटऑफ और प्रवेश की एज लिमिट भी जारी की गई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved