
चंडीगढ़ । भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर (On Death Anniversary of ‘Bharat Ratna’ Atal Bihari Vajpayee) कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने श्रद्धांजलि दी (Chief Ministers of several States paid Tribute) ।
पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की । उनका निधन 16 अगस्त, 2018 को हुआ था। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर रविवार को चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अटल जी का राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण, विचारों में दृढ़ता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति उनकी निष्ठा ने उन्हें भारतीय राजनीति का एक ऐसा युगपुरुष बनाया, जिनकी स्मृति सदैव देशवासियों के मन में जीवंत रहेगी। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार, दूरदर्शी नेतृत्व और उच्च आदर्श राष्ट्र सेवा के पथ पर हम सभी को निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री, भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन। अटल जी ने विचार और सिद्धांत आधारित राजनीति के उच्चतम मानक स्थापित किए। उनके विचारों में राष्ट्रधर्म, वाणी में भारत का स्वाभिमान और कर्म में अंत्योदय का संकल्प था। सुशासन की मजबूत नींव से लेकर पोखरण के साहसिक निर्णय तक, उनका प्रत्येक कदम राष्ट्रहित और भारत के सामर्थ्य को समर्पित रहा।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “राष्ट्रनिष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्श राजनीति के शिखर पुरुष, पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। अटल जी ने अपने ओजस्वी चिंतन, मर्यादित आचरण और कर्मनिष्ठ जीवन से भारतीय लोकतंत्र में शुचिता, राजनीति में नैतिकता तथा राष्ट्रसेवा के उच्च आदर्श स्थापित किए। उनका संपूर्ण जीवन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का जीवंत उदाहरण है। राष्ट्रोन्नति के प्रति उनके अटूट संकल्प आज भी प्रत्येक देशवासी को ‘विकसित भारत’ के निर्माण हेतु निरंतर प्रेरित करते हैं।” उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “मां भारती के उपासक, राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर वक्ता, प्रख्यात कवि, लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी एवं हम सभी के प्रेरणास्रोत, देश के पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्रसेवा, सुशासन, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति उनका समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।”
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा, “राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रखर प्रहरी, करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के पथ-प्रदर्शक एवं भारत रत्न से सम्मानित श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन। उनका विराट व्यक्तित्व, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण, ओजस्वी वाणी और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता सदैव हम सभी को प्रेरणा देती रहेगी। मां भारती की सेवा के लिए उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीति में शुचिता के आदर्श पुरुष, पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! उनका विराट व्यक्तित्व, राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण और ओजस्वी विचार सदैव देशवासियों को प्रेरणा देते रहेंगे। माँ भारती की सेवा के लिए समर्पित उनका जीवन और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का आदर्श हम सभी के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक रहेगा।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved