img-fluid

आश्रम अवैध था… बूढ़े तो वैध थे ना…कथाओं के शहर की व्यथा…

July 31, 2026

एक युवक द्वारा वृद्धाश्रम के बूढ़ों को लाठियां मारने का वीडियो वायरल होते ही हरकत में आए प्रशासन ने वृद्धाश्रम को अवैध और पानी की टंकी के नीचे चलने वाला खतरनाक बताया… समाजसेवियों ने हल्ला मचाया… बूढ़ों की दुर्दशा पर लोगों ने आश्चर्य जताया, लेकिन कोई यह समझ नहीं पाया कि वह अवैध आश्रम नहीं होता तो लावारिस बूढ़े कहां जाते… क्या खाते… कहां रह पाते…न शासन को उनकी परवाह है… न सोशल मीडिया के चुहलबाज समाज को… न वो लाड़ली बहना की तरह खैरात पाते हैं…न वो मुफ्त का राशन पाते हैं…न उनका इलाज सरकारी अस्पतालों में हो पाता है और न ही उन्हें कोई वृद्ध पेंशन दिलाने जाता है, क्योंकि वो परिवार के ठुकराए हैं… समाज के लिए बीमार हैं… वोट नहीं डाल पाने के कारण नेताओं के लिए बेकार हैं… उन्हें संभालने… उनका जीवन बचाने… उनकी सेवा करने तो वो लोग भी नहीं जाते थे, जो कथाकारों को करोड़ों रुपए देकर कथा कराते हैं… जो कहानी बन चुकी कथाओं पर झूमते-गाते नजर आते हैं… जो धर्मावलंबी कहलाते हैं…जो धर्म के पुजारी माने जाते हैं…जो कृष्ण-सुदामा की कहानी पर मजमा जमाते हैं… जो गीता के चार-छह अध्याय सुन-सुनाकर अपने आपको कृष्ण मानने लग जाते हैं… जो करोड़ों खर्च कर कथा को कमाई बनाने वाले कुमार विश्वास को बुलाते हैं…प्रदीप मिश्रा को सुनने के लिए कतार लगाते हैं… बाबा बागेश्वर को भगवान मानते हैं, लेकिन इंसानियत को नहीं पहचानते हैं… और तो और जो समाजसेवी का तमगा लगाते हैं वो भी उन बूढ़ों का दर्द सुनने के लिए चंद समय नहीं निकाल पाते हैं… खुद को सम्पन्न, सज्जन और बलवान मानते हैं, लेकिन उन बूढ़ों को लावारिस छोड़ने वालों का कान तक नहीं पकड़ पाते हैं… उन्हें पुत्र की जिम्मेदारी समझाने नहीं जाते हैं… उन्हें कानून का पाठ नहीं पढ़ाते हैं… वे बेचारे बूढ़े जिंदगी की सजा भोगते हुए मौत का इंतजार कर रहे हैं और वैध-अवैध की चक्की में पिस रहे हैं… ऐसे कितने ही वृद्धाश्रम चल रहे हैं, जिन्हें चलाने वालों पर चंदाखोरी के इल्जाम लग रहे हैं, लेकिन यदि यह सच है तो एक सच यह भी है कि वो उन चंदाखोरों के यहां कम से कम पल तो रहे हैं… भोजन नहीं पा रहे हैं, लेकिन जो मिल रहा है वो खाकर भूख तो मिटा रहे हैं… प्रशासन ने अवैध आश्रम से बूढ़ों को निकालकर उन दूसरे आश्रमों में ठूंस दिया, जहां पहले से ही तादाद से ज्यादा बेघर वृद्ध रह रहे हैं… और अपनी बेबसी की कहानी कह रहे हैं…


  • Share:

  • राम मंदिर में चढ़ावा प्रबंधन का नया सिस्टम, हर चरण की वीडियोग्राफी और 8 सदस्यीय निगरानी टीम तैनात

    Fri Jul 31 , 2026
    अयोध्या । अयोध्या (Ayodhya)स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद श्रीराम जन्मभूमि (Shri Ram Janmabhoomi Temple)तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Teerth Kshetra Trust)ने दान व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बड़े बदलाव लागू किए हैं। 25 जुलाई से प्रभावी नई व्यवस्था के तहत अब मंदिर […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved