
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे. जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर वह डीसीपी कार्यालय गए थे. वहां राहुल गांधी एफआईआर दर्ज होने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए और कहा कि जब तक मामला दर्ज नहीं होता, वह नहीं उठेंगे. इसके बाद में दिल्ली पुलिस ने साहिल लोचब की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली. आरोपी कॉलम में किसी का नाम शामिल नहीं किया गया है. मामले को लेकर रणदीप सुरजेवाला और प्रियंका गांधी डीसीपी कार्यालय पहुंचे थे.
राहुल गांधी दिल्ली पुलिस की ज्वाइंट सीपी नूपुर प्रसाद से मिलने पहुंचे थे, जिन्होंने हाल ही में अपना पदभार संभाला है. राहुल गांधी कई शिकायतें लेकर उनके पास गए और उन पर कार्रवाई की मांग की, लेकिन तत्काल कोई फैसला नहीं हुआ. इसके बाद बाहर निकलकर राहुल गांधी धरने पर बैठ गए. उनके लिए कुर्सी लगाई गई और मौके पर मीडियाकर्मियों व सुरक्षाकर्मियों की भीड़ जुट गई.
कांग्रेस उठा रही सवाल
कांग्रेस ने इस मामले में सवाल उठाया था कि छात्रों पर पेलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया. पार्टी ने कहा था कि अमित शाह और दिल्ली पुलिस को इसका जवाब देना चाहिए. कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया था कि साहिल और उसकी मां लगातार एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस उनकी मांग पर ध्यान नहीं दे रही थी.
हालांकि बाद में पुलिस ने शिकायत ले ली थी और बताया था कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. साथ ही सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर्ड कमेटी भी गठित हो चुकी थी और उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था. इससे पहले राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर भी धरने पर बैठे थे, जहां से उन्हें हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था. रणदीप सुरजेवाला और कुमारी शैलजा समेत कई नेता भी मौके पर पहुंचे थे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved