
नई दिल्ली। उत्तराखंड(Uttarakhand) के प्रसिद्ध चारधाम (The Famous Char Dham)में हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान(Millions of devotees [worship] God) के दर्शन करने पहुंचते हैं। लेकिन सर्दियों का मौसम शुरू होते ही भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण चारों धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाते हैं। ऐसे में भक्तों के मन में सवाल उठता है कि कपाट बंद होने के बाद मां गंगा मां यमुना बाबा केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कहां होंगे। दरअसल उत्तराखंड में सदियों से चली आ रही धार्मिक परंपरा के अनुसार चारों धाम के देवी-देवताओं के शीतकालीन प्रवास स्थल निर्धारित हैं। कपाट बंद होने के बाद उत्सव डोलियों को पूरे विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इन स्थानों पर पहुंचाया जाता है। अगले छह महीने तक श्रद्धालु इन्हीं जगहों पर पूजा-अर्चना कर सकते हैं।
सबसे पहले बात करें मां गंगा की तो गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली उत्तरकाशी जिले के मुखबा गांव पहुंचती है। मुखबा को मां गंगा का शीतकालीन निवास और मायका माना जाता है। हर्षिल घाटी के पास स्थित यह गांव प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध है। यहां चारों ओर देवदार और चीड़ के घने जंगल दिखाई देते हैं। भागीरथी नदी की कलकल ध्वनि और बर्फ से ढकी पहाड़ियां इस जगह को बेहद खूबसूरत बनाती हैं। सर्दियों में श्रद्धालु मुखबा पहुंचकर मां गंगा के दर्शन कर सकते हैं। यहां अगले छह महीने तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।
इसी तरह यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली उत्तरकाशी जिले के खरसाली गांव पहुंचती है। खरसाली को खुशीमठ भी कहा जाता है और इसे मां यमुना का मायका माना जाता है। धार्मिक परंपरा के अनुसार भाई दूज के दिन यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद मां यमुना को यहां लाया जाता है। इसके बाद अगले छह महीने तक श्रद्धालु खरसाली में मां यमुना के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकते हैं। यह स्थान अपनी प्राचीन धार्मिक परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी जाना जाता है।
बाबा केदारनाथ के भक्तों के लिए भी शीतकाल में दर्शन की विशेष व्यवस्था रहती है। केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली को उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर लाया जाता है। उखीमठ को बाबा केदारनाथ का शीतकालीन गद्दी स्थल माना जाता है। यहां अगले छह महीने तक भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना होती है। श्रद्धालु इस दौरान ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर सकते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार यहां पूजा का विशेष महत्व है।
वहीं बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान बद्रीविशाल की पूजा-अर्चना ज्योतिर्मठ यानी जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में होती है। यहां अगले छह महीने तक भगवान बद्रीविशाल की शीतकालीन पूजा की परंपरा निभाई जाती है। इसके साथ ही आदि शंकराचार्य की गद्दी और गरुड़ जी की मूर्ति भी यहां विराजमान रहती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दौरान बद्रीनाथ धाम के गर्भगृह में देवर्षि नारद भगवान की पूजा करते हैं।
इस तरह चारधाम के कपाट बंद होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और दर्शन की परंपरा जारी रहती है। सर्दियों में मुखबा खरसाली उखीमठ और ज्योतिर्मठ श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख धार्मिक केंद्र बन जाते हैं। यही उत्तराखंड की शीतकालीन चारधाम यात्रा की विशेषता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved