
पिछड़ा वर्ग की कार्यकारिणी में सांसद के नामों को तवज्जो नहीं मिलने से अध्यक्ष से मिलने गए थे कार्यकर्ता
इंदौर। कल भाजपा कार्यालय (BJP office) पर उस समय अप्रिय स्थिति बन गई, जब पिछड़ा वर्ग मोर्चा (Backward Classes Front) में सांसद (MP) के नामों को तवज्जो नहीं मिलने से कुछ कार्यकर्ता नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा (City President Sumit Mishra) से मिलने पहुंच गए। दोनों में बातचीत चल ही रही थी कि मिश्रा ने एक कार्यकर्ता को पेड वर्कर (paid worker) कह दिया और कहा कि तुम तो पार्टी के कार्यक्रम में आते ही नहीं हो। इस पर दोनों के बीच लंबी कहासुनी हो गई। बाद में दूसरे नेताओं ने मामला शांत कराया।
शुक्रवार देर रात घोषित हुई भाजपा की पिछड़ा वर्ग की कार्यकारिणी में विधायक समर्थकों को ज्यादा से ज्यादा तवज्जो मिलने के कारण कई दावेदार बाहर ही रह गए, जबकि मोर्चा अध्यक्ष निखिल सोनी ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यकारिणी घोषित की है। कार्यकारिणी में सहप्रभारी के अतिरिक्त पद देकर कार्यकर्ताओं को एडजस्ट किया गया है। इसको लेकर कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी है। कल इसी को लेकर सांसद समर्थक कमल गोस्वामी, विशाल गिदवानी और महेश जोशी तथा अन्य कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा से बात की। उन्होंने मिश्रा से कहा कि सांसद शंकर लालवानी ने अविनेश हार्डिया उर्फ गोलू और ऋषि सोलंकी के नाम दिए थे, लेकिन उनके नाम को तवज्जो नहीं दी गई और न ही इसके पहले शहर की कार्यकारिणी में किसी सांसद समर्थक को पद देकर उपकृत किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोस्वामी जब मिश्रा से बात कर रहे थे, तब दोनों के बीच अचानक बहस होने लगी। इस पर मिश्रा ने कमल गोस्वामी से कह दिया कि तुम तो सांसद के पेड वर्कर हो। इस पर गोस्वामी उखड़ गए और कहा कि मैंं बचपन से भाजपा का काम कर रहा हूं और अगर किसी का समर्थक हूं तो इसमें पेड वर्कर की बात कहां आती है? बताया जाता है कि इसी बात को लेकर दोनों में लंबी बहस हो गई। बाद में दूसरे नेताओं ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया और मिश्रा ने आश्वस्त किया कि उन्हें कहीं और एडजस्ट किया जाएगा।
कार्यालय पर ऐसा कुछ नहीं हुआ है। कुछ कार्यकर्ता आए थे, उनसे सामान्य बातचीत ही हुई है। बहस जैसी कोई घटना नहीं घटी।
-सुमित मिश्रा नगर अध्यक्ष
भाजपा एक परिवार है और हम तो अपने मुखिया के सामने अपनी बात रखने गए थे। विवाद या अपशब्द बोलने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को कहीं और एडजस्ट करने की बात कही है।
-कमल गोस्वामी,
सांसद समर्थक
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved