मुंबई। कॉमेडियन समय रैना (Samay Raina) एक बार फिर अपने एक कथित मजाक (Alleged joke) को लेकर विवादों में हैं। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ (India’s Got Latent) के एक एपिसोड में बिहारी और कश्मीरी पंडितों को लेकर की गई टिप्पणियों पर भाजपा विधायक राम कदम (ram kadam) ने उनकी आलोचना की है। इसी बीच पूर्व भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने समय रैना का समर्थन करते हुए उन्हें बेहतर इंसान और ‘नाजुक दिल’ वाला व्यक्ति बताया है।
पूनावाला ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि लोग अक्सर समय रैना को उनकी भाषा, मजाक या वायरल क्लिप के आधार पर आंकते हैं, जबकि किसी व्यक्ति के व्यवहार और उसके संस्कारों को भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने समय के माता-पिता के प्रति उनके प्रेम, जिम्मेदारी और समर्पण का जिक्र करते हुए कहा कि इससे उन्हें समय के व्यक्तित्व के बारे में किसी भी वायरल वीडियो से कहीं अधिक जानकारी मिलती है।
शहजाद पूनावाला ने समय रैना के शो के एक हालिया एपिसोड का उदाहरण देते हुए कहा कि समय ने एक लड़की की मदद करने के इरादे से उसे अपनी तरफ से पांच अंक दिए, ताकि उसका औसत बेहतर हो सके। पूनावाला के मुताबिक, यह घटना भी बताती है कि समय दूसरों की मदद करने के बारे में सोचते हैं।
पूनावाला ने कहा कि लोग समय रैना की बेबाकी पर ज्यादा ध्यान देते हैं, लेकिन इसके पीछे मौजूद संवेदनशील इंसान को भी समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कई बार व्यक्ति के बोलने के तरीके की तुलना में उसके व्यवहार और संस्कार उसके व्यक्तित्व को बेहतर ढंग से सामने रखते हैं।
उन्होंने समय का नाम लेते हुए लिखा कि समय बदलता रहता है और बुरा समय हमेशा नहीं रहता। साथ ही उन्होंने लोगों से अच्छा और विनम्र बने रहने की अपील की।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड में स्टैंडअप कॉमेडियन शैरन वर्मा बतौर अतिथि शामिल हुई थीं। शो के दौरान समय रैना ने उनके बिहार से होने को लेकर मजाक किया। इसके जवाब में शैरन ने समय के कश्मीरी होने को लेकर टिप्पणी की।
इसके बाद दोनों के बीच बिहार और कश्मीर से जुड़े कई तंज किए गए। एक टिप्पणी में समय ने शैरन के मुंबई आने को बिहार से जोड़ते हुए मजाक किया। वहीं शैरन ने जवाब में कहा कि उन्होंने कम से कम अपनी मर्जी से अपना घर छोड़ा है। समय रैना के कश्मीरी पंडित परिवार से होने के कारण शैरन की टिप्पणी को कश्मीर से विस्थापन के संदर्भ में देखा गया।
एपिसोड सामने आने के बाद भाजपा विधायक राम कदम ने समय रैना की टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रसिद्धि पाने के लिए किसी भी विषय पर टिप्पणी करने से पीछे नहीं हटते। राम कदम ने कहा कि सनातन हिंदू देवी-देवताओं और कश्मीरी पंडितों की परिस्थितियों का मजाक नहीं बनाया जाना चाहिए।
वहीं जम्मू-कश्मीर भाजपा नेता राकेश कौल ने इस मामले में अपेक्षाकृत तटस्थ रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि कॉमेडियन की बातों के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों अर्थ निकाले जा सकते हैं। ऐसे में हर टिप्पणी को लेकर ज्यादा प्रतिक्रिया देने की आवश्यकता नहीं है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved